होली के बाद यूपी के आजमगढ़ से मुंबई तक कोटा होकर चलेगी फेस्टिवल स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन
रेलवे ने होली के बाद आजमगढ़ से मुंबई तक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाई, जो 7-16 मार्च तक कोटा होकर गुजरेगी. यात्रियों को सुविधा मिलेगी.

Published : March 3, 2026 at 8:50 PM IST
कोटा: रेलवे होली के मद्देनजर विशेष ट्रेनें चला रहा है. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से महाराष्ट्र के मुंबई तक एक विशेष ट्रेन रेलवे ने चलाई है. यह ट्रेन कोटा होकर गुजरेगी. फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र की यात्रा आसान होगी.
इन जगहों के लोग होली मनाने के बाद अपने घरों तक आसानी से जा सकेंगे. कोटा रेल मंडल के कई स्टेशनों पर इसका ठहराव दिया गया है. ट्रेन में आजमगढ़ की ओर से आरक्षण खोल दिया गया है, जबकि मुंबई की ओर से जल्द ही खोल दिया जाएगा. इसके बाद यात्री कंफर्म टिकट पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ले सकते हैं.
पढ़ें : Holi Special Train : होली पर यूपी के मऊ से गुजरात के वलसाड के बीच कोटा होकर चलेगी स्पेशल ट्रेन
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ट्रेन नंबर 05183 आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनस वीकली सुपरफास्ट फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन 7 और 14 मार्च को संचालित होगी. यह शनिवार रात 11:15 बजे आजमगढ़ से रवाना होगी. इसके बाद अगले दिन रविवार शाम 6:35 बजे कोटा पहुंचेगी और सोमवार सुबह 8:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंच जाएगी. इसी तरह ट्रेन नंबर 05184 बांद्रा टर्मिनस-आजमगढ़ 9 और 16 मार्च को चलेगी. यह ट्रेन सोमवार को सुबह 10:45 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी. इसके बाद देर रात 12:10 बजे कोटा पहुंच जाएगी. वहीं, अगले दिन मंगलवार रात 8:10 बजे आजमगढ़ पहुंच जाएगी.
पढ़ें: नई दिल्ली से मुंबई, कोटा से पटना के बीच होली पर चलेगी स्पेशल ट्रेन, देखें पूरा शेड्यूल
इस ट्रेन में थर्ड एसी इकोनॉमी के 8, स्लीपर के 8 और जनरल के 2 कोच मिलाकर कुल 20 कोच होंगे. यह ट्रेन आते-जाते समय बोरीवली, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, गंगापुर सिटी, बयाना, ईदगाह (आगरा), टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, प्रयागराज रामबाग, ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी, औड़िहार, दुल्लहपुर, मऊ और मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर रुकेगी.

