पिंजरे में कैद हुआ खूंखार तेंदुआ; ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
वन रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ा जाएगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 12, 2026 at 1:03 PM IST
लखीमपुर खीरी: जिले के उत्तर निघासन वन रेंज क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव के पास कई दिनों से खेतों में घूम रहा तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया. गुरुवार सुबह तेंदुआ पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली है.
वन रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास जंगल है, लेकिन कभी-कभी भोजन या अन्य कारणों से वे आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं.
पिछले कई दिनों से गन्ने के खेतों में उसकी मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल था. ऐसे में वन विभाग का प्रयास रहता है कि बिना किसी नुकसान के उन्हें सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए.
वीडियो हुआ वायरल: लखीमपुर खीरी जिले के दक्षिण निघासन वन रेंज के अंतर्गत नौरंगाबाद फार्म और उसके आसपास के खेतों में बीते कुछ दिनों से तेंदुए की हलचल देखी जा रही थी. सुबह-शाम खेतों की ओर जाने वाले किसान भयभीत थे.
कई ग्रामीणों ने तेंदुए को गन्ने के खेतों में चहलकदमी करते हुए देखा था, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल बढ़ गया था. ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना देकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की थी.
शिकायत मिलते ही उत्तर निघासन वन रेंज की टीम सक्रिय हो गई. वन विभाग ने संभावित स्थानों का निरीक्षण कर रणनीति तैयार की और अलग-अलग स्थानों पर दो पिंजरे लगाए. साथ ही क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई थी.
गुरुवार सुबह वन विभाग को सूचना मिली कि एक पिंजरे में हलचल हो रही है. टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि तेंदुआ पिंजरे में कैद हो चुका है. इसके बाद वनकर्मियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
तेंदुए को सुरक्षित रखने के लिए उसे नियंत्रित स्थिति में रखा गया है. चिकित्सकीय परीक्षण की तैयारी की गई है. जल्द ही उसे जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया गया है.

