प्रतापगढ़ में शिक्षिका से मारपीट, बच्चों के सामने क्लास में महिला ने पीटा, बाल खींचे, जमीन पर पटका
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 6:25 PM IST
प्रतापगढ़ : देल्हूपुर थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित पार्वती ग्लोबल साइंस स्कूल में एक शिक्षिका की क्लास में पिटाई का मामला सामने आया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें क्लास में बच्चों को पढ़ा रही शिक्षिका के साथ एक महिला मारपीट करती दिखाई दे रही है. इससे क्लास में अफरा-तफरी मच गई. बच्चे डर गए. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है.
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले शिक्षिका ने स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र को किसी बात को लेकर डांट दिया था. आरोप है कि बेटे को डांटे जाने से आहत होकर उसके माता-पिता स्कूल पहुंचे और क्लास के भीतर शिक्षिका के साथ मारपीट कर दी. घटना के दौरान कक्षा में बच्चे भी मौजूद थे. मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षिका के पिता ने देल्हूपुर थाने में तहरीर दी है.
शिक्षिका के पिता संजय कुमार मिश्रा निवासी बाबूरुहा थाना मांधाता ने बताया कि उनकी बेटी पार्वती ग्लोबल साइंस स्कूल नौबस्ता में पढ़ाती है. एक सप्ताह पहले उनकी बेटी ने बच्चे को पढ़ाने के दौरान डांट दिया था. 27 अगस्त को कक्षा एक की क्लास चल रही थी. इतने में अचानक सौम्या मिश्रा पति अभिषेक मिश्रा व ग्राम बहुरुआ थाना मांधाता स्कूल के अंदर घुसकर उनकी बेटी को लात घूसों से और बाल खींचकर जमीन पर पीटने लगी.
उन्होंने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी. लड़ाई झगड़े के बाद हुए शोर में अन्य टीचरों ने आकर बीच बचाव किया. लेकिन अभिषेक मिश्रा ने पलक मिश्रा को कमरे में धकेल दिया और अपनी पत्नी सौम्या मिश्रा से मार डालो की बात कही. इस दौरान बेटी की गर्दन पर भी चोट आई है. पीड़ितों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है. सीओ रानीगंज प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि मामला संज्ञान में है. मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जांच की जा रही है. वीडियो फुटेज की जांच की जाएगी.
यह भी पढ़ें : BBAU का 11वां दीक्षांत समारोह; 8151 छात्रों को मिली उपाधि, रक्षा मंत्री बोले- शिक्षा से ज्यादा जरूरी चरित्र और किरदार

