जींद यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने शिक्षकों पर लगाए गंभीर आरोप, जांच कमेटी बनाई गई, छात्र संगठनों ने फूंका पुतला
जींद के चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की छात्राओं ने तीन शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और राज्यपाल के साथ वीसी को शिकायत दी है.

Published : December 2, 2025 at 8:49 PM IST
जींद : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय एक बार फिर से सुर्खियों मे है. विश्वविद्यालय की छात्राओं ने यहां कार्यरत तीन शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्यपाल और वीसी के नाम शिकायत लिखी है. वहीं मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय, महिला आयोग, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री तक को भी भेजी गई है. हालांकि शिकायत पत्र में किसी छात्र या छात्रा का नाम नहीं लिखा गया है. साथ ही पूरे मामले की वाट्सएप चैट भी वायरल हो गई है. मामला वीसी के संज्ञान में आने पर तुरंत प्रभाव से जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है. साथ ही तीनों शिक्षकों के विश्वविद्यालय में आने पर रोक लगा दी गई है.
एबीवीपी, किसान छात्र एकता संगठन ने किया प्रदर्शन : एबीवीपी, किसान छात्र एकता संगठन और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया. एबीवीपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सैनी ने आरोप लगाया कि "विश्वविद्यालय में शिक्षकों ने छात्राओं का उत्पीड़न किया है. इस मामले में एक लड़की ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक शिकायत दी है. मामले को लेकर छात्र संगठनों ने तीनों शिक्षकों का पुतला दहन किया है. इस मामले में जल्द से जल्द यूनिवर्सिटी प्रशासन को चेतावनी दी कि मामले को लेकर अगर कार्रवाई नहीं की गई तो संपूर्ण छात्र शक्ति के द्वारा जींद विश्वविद्यालय में आंदोलन किया जाएगा जिसका जिम्मेदार सिर्फ विश्वविद्यालय प्रशासन होगा. विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुरोध कि मामले को लेकर तुरंत ही जींद पुलिस, महिला आयोग, अनुसूचित जाति आयोग को सूचना दी जाए. इस मौके पर सचिन, राहुल कक्कड़, प्रतीक शर्मा, जयदीप सिंधु, अजय सहित अन्य छात्र संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे."
क्या है शिकायत ? : शिकायत में लिखा गया है कि "शिक्षकों ने कक्षा के दौरान और कक्षा के बाहर अशोभनीय और अश्लील टिप्पणियां की है. छात्राओं से बार-बार अनुचित व्यक्तिगत प्रश्न पूछे हैं. मना करने पर इनमें से एक शिक्षक ने कार्रवाई की धमकी दी. वहीं दूसरे शिक्षक पर आरोप लगाए गए हैं कि वे छात्राओं के पास रात को 11 बजे वाट्सएप वीडियो कॉल तक करते हैं. वहीं तीसरे शिक्षक पर एससी, बीसी और ओबीसी समुदाय को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए गए हैं."

मामले की जांच को लेकर कमेटी गठित : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. रामपाल सैनी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और शिकायत भी मिल गई है. शिकायत पर तुरंत प्रभाव से संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है. जो शिकायत दी गई है, उसमें तीन शिक्षकों पर आरोप लगाए गए हैं. तीनों शिक्षकों को आगामी आदेश तक विश्वविद्यालय आने पर रोक लगा दी है. मामले की गंभीरता से जांच करवाई जा रही है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - सोनीपत में प्रेमिका को सूटकेस में छिपाकर यूनिवर्सिटी पहुंचा छात्र, सिक्योरिटी ने पकड़ा, देखें वीडियो
ये भी पढ़ें - हरियाणा के पलवल में छात्राओं के बीच जोरदार लड़ाई, बाल पकड़कर ज़मीन पर पटका, लात-घूंसे मारे
ये भी पढ़ें - कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में BSC छात्रा ने किया सुसाइड, हॉस्टल रूम में मिला शव, जींद की रहने वाली थी शगुन

