तेज रफ्तार कार ने पुलिस पेट्रोलिंग वैन को मारी टक्कर, महिला SHO की मौत
हरियाणा नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने SHO की पुलिस वैन को जोरदार टक्कर मार दी.

Published : February 11, 2026 at 8:43 AM IST
श्रीगंगानगर : बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला पुलिस अधिकारी की जान चली गई, जबकि एक पुलिसकर्मी सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा शहर के पायल थियेटर रोड स्थित चौराहे पर सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार ने पुलिस पेट्रोलिंग वैन को टक्कर मार दी.
शहर कोतवाल पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार चालक बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. सूचना मिलते ही एसपी अमृता दुहन सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पढे़ं. दौसा में भीषण सड़क हादसा : डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, फिर ट्रेलर से भिड़ंत, 5 की मौत
जानकारी के अनुसार एसएचओ ज्योति नायक किसान चौक से पेट्रोलिंग करते हुए रमेश चौक पॉइंट की ओर जा रही थीं. इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उनकी पुलिस वैन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वैन पलट गई. ड्राइवर साइड वाली सीट पर बैठी एसएचओ ज्योति नायक का सिर बुरी तरह दब गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद टक्कर मारने वाली कार कुछ मीटर आगे जाकर एक अन्य वाहन से टकराकर रुक गई. इस दुर्घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी और कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

