ETV Bharat / state

पटना में महिला वकील का अधजला शव बरामद

पटना के कदमकुआं में महिला वकील की संदिग्ध हालत में मौत हुई है. घर से अधजला शव बरामद हुआ है. फॉरेंसिक जांच शुरू हो गई.

BODY RECOVERED IN PATNA
कॉसेप्ट फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 11, 2026 at 4:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया. जहां एक महिला वकील का अधजला शव उनके ही घर से बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी. मृतका की पहचान 65 वर्षीय इंदिरा लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो पटना सिविल कोर्ट और पटना हाई कोर्ट में वकालत करती थीं.

पटना में महिला वकील की संदिग्ध मौत : जानकारी के अनुसार, इंदिरा लक्ष्मी राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 स्थित अपने आवास में अकेली रहती थीं. उनके पति रांची में रहते हैं, जबकि उनकी बेटी दिल्ली में बताई जा रही है. घर के पीछे एक महिला केयरटेकर के रूप में रहती है. बुधवार सुबह जब केयरटेकर घर पहुंची, तो अंदर का दृश्य देखकर उसने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी.

BODY RECOVERED IN PATNA
मृत इंदिरा लक्ष्मी का नेमप्लेट (ETV Bharat)

घर चारों तरफ से बंद था : सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि घर चारों तरफ से बंद था और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था. पुलिस ने घर के अंदर से मिट्टी तेल का एक डिब्बा, दिया और माचिस बरामद किया है. घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामले को संदिग्ध मानते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है.

जांच में जुटी पुलिस : कदमकुआं डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 स्थित एक घर में महिला के जलने की घटना हुई है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि महिला घर में अकेली रहती थीं. आसपास के लोगों से पूछताछ में परिवार के सदस्यों के बाहर रहने की बात सामने आई है.

''मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस बीच मृतका के पति और अन्य परिजन भी पटना पहुंच चुके हैं. पुलिस परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके.''- राजेश कुमार, टाऊन डीएसपी 2

Patna female lawyer
इसी घर से हुई शव की बरामदगी (ETV Bharat)

मौत का कारण स्पष्ट नहीं : फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य कारण को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

'मामले की गहन जांच होनी चाहिए' : घटना की खबर मिलते ही पटना सिविल कोर्ट में शोक का माहौल देखा गया. अधिवक्ताओं ने इंदिरा लक्ष्मी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की. पटना सिविल कोर्ट के अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण सिन्हा ने दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.

ये भी पढ़ें :-

पटना में युवक का शव बरामद, परिजनों ने कहा- पहले पीटा फिर कलाई की नस काट दी

पटना में लॉ के छात्र का मिला शव, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

Patna Crime : ट्रॉली बैग में बंद मिला युवक का शव, कहीं और हत्या कर फेंके जाने की आशंका