ETV Bharat / state

नूंह में फिल्मी स्टाइल में पिता का अपहरण, 2 स्कॉर्पियों में आए 20 - 25 युवक, जबरन गाड़ी में धकेला

नूंह में फिल्मी स्टाइल में पिता के अपहरण का मामला सामने आया है.

KIDNAPPING IN NUH
नूंह में जमीन विवाद (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : March 2, 2026 at 9:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंहः जिले के पुन्हाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक जमीन विवाद ने ऐसा मोड़ लिया कि छोटे बेटे ने ही अपने पिता का अपहरण करा दिया. घटना 26 फरवरी की है, जब शाह चौखा गांव निवासी इस्माइल अपने बड़े बेटे नवाब के साथ जमीन से जुड़े कार्य के सिलसिले में पुन्हाना तहसील पहुंचे थे.

बुजुर्ग के साथ गाड़ी में मारपीट का आरोपः तहसील का काम निपटाने के बाद इस्माइल बिसरू रोड पर खड़े थे. तभी दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर करीब 20-25 युवक मौके पर पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवकों ने गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया, जबकि अन्य ने बुजुर्ग इस्माइल को जबरन धक्का देकर गाड़ी में डाल दिया. आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी उन्हें लेकर फरार हो गए. रास्ते में इस्माइल ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाड़ी के अंदर ही उनके साथ मारपीट की.

जमीन विवाद में बेटे ने किया बाप का अपहरण (Etv Bharat)

बड़े भाई ने छोटे पर लगाया आरोपः बड़े बेटे नवाब का आरोप है कि छोटे भाई जलालुद्दीन उर्फ कालिया ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. कुछ देर बाद आरोपी इस्माइल को दोबारा तहसील के सामने छोड़कर फरार हो गए. घटना की शिकायत मिलने पर पुन्हाना शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

क्या बोले थाना प्रभारीः थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि "मुख्य आरोपी जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस जमीन विवाद के पहलू की भी गहन जांच कर रही है. इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते विवादों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं."

ये भी पढ़ें-नाबालिग अपहरण प्रयास मामले के दोषी को कोर्ट ने दी तीन साल की सजा, दो हजार रुपए का जुर्माना