ETV Bharat / state

दादरी में रिश्तेदारों को फंसाने के लिए पिता ने रची बेटे के अपहरण की झूठी कहानी, घर में ही मिला 14 वर्षीय अंश, पुलिस ने किया खुलासा

चरखी दादरी में जमीन विवाद के चलते पिता ने बेटे के अपहरण का झूठा नाटक रचा. पुलिस ने किशोर को घर से बरामद किया.

Charkhi Dadri Fake Kidnapping Case
जमीन विवाद के चलते पिता ने बेटे के अपहरण का झूठा नाटक रचा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 27, 2026 at 2:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चरखी दादरी: जिले के दादरी सदर थाना पुलिस ने 14 साल के अंश के कथित अपहरण की गुत्थी सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार जमीनी रंजिश में रिश्तेदारों को फंसाने के लिए अंश के पिता ने ही उसके अपहरण की झूठी कहानी रची थी. पुलिस ने अंश को उसी के घर से सकुशल बरामद कर लिया है और शिकायतकर्ता पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

सफेद स्विफ्ट में अपहरण का दावा: डीएसपी कप्तान सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि, "झज्जर जिले के सुंदरहेटी गांव निवासी रमाकांत ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 23 अगस्त को दोपहर समसपुर रोड स्थित 152डी पुल के पास सफेद स्विफ्ट कार सवार दो अज्ञात युवक उसके बेटे अंश का अपहरण कर ले गए. सूचना मिलते ही पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं तो शिकायतकर्ता के बयानों और परिस्थितियों पर संदेह हुआ. जांच में सामने आया कि रमाकांत का अपने रिश्तेदार विकास और विपिन के साथ पुराना जमीनी विवाद और कोर्ट केस चल रहा है. इसी रंजिश के चलते उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची गई."

दादरी में रिश्तेदारों को फंसाने के लिए पिता ने रची बेटे के अपहरण की झूठी कहानी (ETV Bharat)

घर में ही छिपा मिला अंश: डीएसपी कप्तान सिंह ने आगे कहा कि, "पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो कथित साजिश का खुलासा हुआ. रमाकांत ने अपने बेटे अंश को घर में ही छिपाकर रखा था और उसे बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी थी. इसके बाद पुलिस ने किशोर को घर से सकुशल बरामद कर लिया."

अदालत में दर्ज हुए किशोर के बयान: डीएसपी कप्तान सिंह ने कहा कि, "जांच में सामने आया कि किशोर का अपहरण नहीं हुआ था. उसे घर में ही छिपाकर अपहरण की झूठी कहानी बनाई गई थी. किशोर को सकुशल बरामद कर अदालत में उसके बयान दर्ज करवाए गए हैं. पुलिस ने झूठी सूचना देने और षड्यंत्र रचने के आरोप में पिता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है."

ये भी पढ़ें:शिक्षिका सोनिया हत्याकांड: आरोपी पति चार महीने बाद गिरफ्तार, 50 हजार रुपये का था इनाम