पिता ने डेढ़ साल के बेटे को पानी में डुबोकर मार डाला, पत्नी की शादी से था नाराज
एक बेटा अपने पिता पर सबसे अधिक भरोसा करता है. अगर वही उसका कातिल बन जाए तो क्या कहेंगे? पढ़ें पूरी खबर

Published : January 7, 2026 at 2:38 PM IST
दरभंगा : बिहार के दरभंगा से सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के भालपट्टी थाना क्षेत्र के फजिला गांव में एक मासूम की हत्या कर दी गई है. डेढ़ साल के मासूम का हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना पिता ही निकला.
पिता ने पुत्र को मार डाला : आरोपी पिता (चंदन) ने पत्नी की दूसरे शादी से नाराज होकर अपने डेढ़ साल के बेटा को पानी में डूबाकर मार डाला. इस बात की जानकारी मिलते ही मृतक के दादा रामसोगारथ सहनी ने भालपट्टी थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई हैं.
इलाके में फैली सनसनी : सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पिता चंदन सहनी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही उसके पुत्र राधव की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की खबर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
शादी के बाद पत्नी को लेकर गया हिमाचल : स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार चंदन की शादी पास के ही गांव में 2021 में चांदनी कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद ही वह पत्नी को साथ लेकर हिमाचल प्रदेश चला गया. पहले उनकी एक बेटी हुई और बाद में बेटा पैदा हुआ. कुछ समय बाद चंदन ने दोनों बच्चों को गांव में दादा-दादी के पास छोड़ दिया था.
पत्नी ने कर ली दूसरी शादी : स्थानीय लोगों के अनुसार चंदन सहनी हिमाचल प्रदेश में पत्नी के साथ मजदूरी किया करता था. चंदन की पत्नी को काम के दौरान किसी व्यक्ति से नजदीकी बढ़ गई. कुछ दिन बाद दोनों ने हिमाचल प्रदेश में शादी कर ली और घर छोड़ दिया. इस बात से नाराज चंदन सोमवार की शाम अपने घर पहुंचा.
पानी में डुबोकर हत्या : घर पहुंचते ही चंदन अपने बेटे को गोद में उठाकर गांव में कहीं घूमने ले गया और जेसीबी से खोदे गए गढ़े में पानी में डुबोकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को उसी गढ़े में फेंककर वापस घर लौट आया. जब बच्चे की तलाश दादा रामसोगारथ सहनी और दादी सरस्वती देवी ने की, तो चंदन कुछ देर तक सबको भ्रमित करता रहा. ग्रामीणों और परिजनों के दबाव के बाद उसने हत्या की सच्चाई सामने रख दी, जिससे गांव में सनसनी फैल गई.
''आरोपी हिमाचल प्रदेश में अपनी पत्नी के साथ रहता था. वहीं उसकी पत्नी ने उसे छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर ली थी. इस घटना के बाद से आरोपी मानसिक तनाव और गुस्से की स्थिति में था. इसी फ्रस्ट्रेशन में आकर उसने अपने ही बेटे की हत्या कर दी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.''- धर्मानंद कुमार, भालपट्टी थानाध्यक्ष
ये भी पढ़ें :-
सौतेली मां से अवैध संबंध के आरोप में मर्डर, पिता ने बेटे की हत्या कर शव गंगा में फेका
प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर शव जलाया, पुलिस से बचने के लिए FIR भी कराई दर्ज

