करनाल में घरेलू कलह के दौरान शराबी पिता की मौत, मां-बहन को बचाते वक्त बेटे से हुआ हादसा
शराबी पिता की प्रताड़ना से मां-बहन को बचाने के दौरान नाबालिग ने डंडा से हमला किया, जिसमें चोट लगने से पिता की मौत हो गई.

Published : July 8, 2026 at 2:31 PM IST
करनालः जिले के गांव कुटेल में घरेलू हिंसा के चलते एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपनी मां और बहन को शराबी पिता की बेरहमी से बचाने के प्रयास में पिता पर डंडे से वार कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पिता की मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है.

आधी रात को हुआ घरेलू विवाद: प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कुटेल का रहने वाला 55 वर्षीय राजेंद्र पेशे से ड्राइवर था और उसे शराब पीने की गंभीर लत थी. बीती देर रात करीब 12 बजे राजेंद्र अत्यधिक शराब के नशे में धुत्त होकर घर लौटा. घर आते ही उसने अपनी पत्नी और बेटी के साथ गाली-गलौज और झगड़ा शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजेंद्र ने दोनों के साथ बर्बरता से मारपीट शुरू कर दी. मां और बहन की चीख-पुकार सुनकर उनका 17 वर्षीय बेटा नमन बीच-बचाव करने आया.
बीच-बचाव के दौरान हुआ जानलेवा वार: जब नमन ने अपने पिता को रोकने की कोशिश की, तो राजेंद्र ने उसके साथ भी हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी. अपनी मां और बहन को लहूलुहान होने से बचाने और आत्मरक्षा में नमन ने पास ही पड़ा एक डंडा उठाकर पिता के सिर पर मार दिया. चोट लगते ही राजेंद्र वहीं जमीन पर गिर गया और उसके सिर से भारी मात्रा में खून बहने लगा.
खुद पिता को अस्पताल लेकर भागा बेटा: पिता को तड़पता देख नमन बुरी तरह घबरा गया. उसने तुरंत एक निजी वाहन का इंतजाम किया और घायल पिता को इलाज के लिए करनाल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से मधुबन थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई. पुलिस कार्रवाई और जांच सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के मोर्चरी हाउस भिजवा दिया. इसके बाद पुलिस की एक टीम साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पहुंची.
साक्ष्य मिटाने की कोशिश? शुरुआती जांच और मौके के मुआयने से यह बात सामने आई है कि घटना के बाद घर के फर्श से खून को साफ करने की कोशिश की गई थी. मधुबन थाना प्रभारी जोगिंदर सिंह ने कहा कि "पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग बेटे को हिरासत में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि "मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिजनों व पड़ोसियों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

