चित्तौड़गढ़: प्रेम विवाह करने वाली दो सगी बहनों को पिता ने सामाजिक रूप से मृत घोषित किया, छपवाई शोक पत्रिका
चित्तौड़गढ़ के देवरिया गांव में प्रेम विवाह करने वाली दो सगी बहनों को पिता ने सामाजिक रूप से मृत घोषित कर शोक पत्रिका छपवा दी.

Published : May 30, 2026 at 7:53 PM IST
चित्तौड़गढ़: जिले के कपासन उपखंड के देवरिया गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. प्रेम विवाह कर परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने वाली दो सगी बेटियों को उनके पिता ने सामाजिक रूप से मृत घोषित कर दिया है. उन्होंने शोक पत्रिका छपवाकर पूरे इलाके में बांटी और 4 जून को दोनों बेटियों के नाम ‘पीहर गोरनी’ का आयोजन रखा गया है.
पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी ने डेढ़ साल पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह कर चुकी थी. हाल ही में छोटी बेटी भी घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ भाग गई और शादी कर ली. परिवार ने पहले छोटी बेटी की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस के सामने बेटी ने बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से पति के साथ रहना चाहती है. इसके बाद पिता और परिजनों ने दोनों बेटियों को सामाजिक रूप से मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें- प्रेम विवाह करने पर पिता ने जीवित बेटी को किया मृत घोषित, छपवाया शोक पत्र और रखी बैठक
आयोजित की शोक सभा: आहत पिता ने दोनों को सामाजिक रूप से मृत मानते हुए शोक पत्रिका छपवाई. पत्रिका में दोनों की तस्वीरें छपी हैं. गांव में घर के बाहर शोक सभा आयोजित की जा रही है, जहां पुरुषों के साथ महिलाएं भी पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रही हैं. घर की दीवार पर दोनों बेटियों की तस्वीरें लगाई गई हैं. पिता का कहना है कि बेटियों ने परिवार का सपना तोड़ दिया, इसलिए समाज को यह संदेश देना जरूरी था.
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. कुछ लोग इसे परिवार की इज्जत बचाने का तरीका बता रहे हैं, तो कुछ इसे कट्टरता मान रहे हैं. कानूनी रूप से दोनों लड़कियां बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी कर चुकी हैं, इसलिए पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.
इसे भी पढ़ें- 'मेरे लिए वो मर चुकी है'...पिता ने जिंदा बेटी के लिए छपवाई शोक पत्रिका, रखा मृत्यु भोज

