'बेटी हुई है..' नई कार खरीदी, पूरे शहर में घुमाया... बिहार के इस माता-पिता ने जीत लिया दिल
किशनगंज में बेटी के जन्म पर एक पिता खुशी से झूम उठा और बरसों पुराना संकल्प पूरा करते हुए अनोखे अंदाज में जश्न मनाया.

Published : June 30, 2026 at 12:45 PM IST
किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड में समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच का संदेश देने वाली एक अनोखी पहल देखी गई. ठाकुरगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित पेट्रोल पंप चौक के रहने वाले साकिब राजा ने अपनी नवजात बेटी के जन्म की खुशी को यादगार बनाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है.
बेटी के आगमन पर अनोखा स्वागत: बेटी के जन्म के बाद उन्होंने नई चारपहिया गाड़ी खरीदी और उसपर बड़े-बड़े बैनर लगाकर पूरे ठाकुरगंज नगर क्षेत्र में खुशी का इजहार किया. गाड़ी पर लगे बैनर में बड़े अक्षरों में लिखा था, "बेटी हुई है."

साकिब की प्रतिज्ञा हुई पूरी: साकिब राजा ने बताया कि उन्होंने वर्षों पहले अपने मन में संकल्प लिया था कि जब तक उनके घर बेटी का जन्म नहीं होगा, तब तक वह चारपहिया वाहन नहीं खरीदेंगे. उनके घर पहले से पांच वर्ष का एक बेटा है, लेकिन वह लंबे समय से बेटी के आने का इंतजार कर रहे थे. आखिरकार जब उनके घर लक्ष्मी के रूप में बेटी ने जन्म लिया तो उन्होंने अपना संकल्प पूरा करते हुए नई गाड़ी खरीदी और उसी गाड़ी में बैनर लगाकर पूरे शहर में बेटी के जन्म की खुशियां मनाईं.
सभी ने की सराहना: जैसे ही यह गाड़ी ठाकुरगंज की सड़कों पर निकली, लोगों की नजर उस पर लगे संदेश पर पड़ी. शुरुआत में लोग हैरान हुए, लेकिन जब उन्हें पता चला कि यह बेटी के जन्म का जश्न है, तो हर कोई साकिब राजा की इस सोच की सराहना करने लगा. राह चलते लोगों ने गाड़ी रोककर बधाई दी, जबकि कई लोगों ने मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो भी बनाए.
बधाई देने का दौर जारी: देखते ही देखते यह खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गई और लोगों ने साकिब राजा व उनके परिवार को शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया. साकिब राजा का कहना है कि बेटियां किसी भी परिवार की शान और सम्मान होती हैं.

"समाज में बेटियों को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने की जरूरत है. यदि हर परिवार बेटी के जन्म पर इसी तरह खुशियां मनाए तो समाज से बेटा-बेटी के भेदभाव की भावना काफी हद तक समाप्त हो सकती है."-साकिब राजा
परिवार में खुशी का माहौल: बेटी के जन्म से पूरे परिवार में उत्सव जैसा माहौल है. दादा-दादी, नाना-नानी सहित सभी रिश्तेदारों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं. घर पहुंचने वाले मेहमानों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया जा रहा है. रिश्तेदार और पड़ोसी लगातार बधाई देने पहुंच रहे हैं. परिवार के सदस्यों का कहना है कि बेटी के आने से घर की खुशियां दोगुनी हो गई हैं.
नई गाड़ी में बेटी को घूमाया शहर: आमतौर पर किसी बच्चे के जन्म पर लोग मिठाइयां बांटते हैं, केक काटते हैं या रिश्तेदारों के बीच खुशियां साझा करते हैं, लेकिन बेटी के स्वागत में नई गाड़ी खरीदकर पूरे शहर में बैनर के साथ घुमाने का यह अनोखा अंदाज लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया. स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की पहल समाज में बेटियों के सम्मान और उनके महत्व को बढ़ावा देने का काम करेगी.
बेटी के जन्म पर मनाया गया यह अनोखा जश्न लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहेगा. मामले ने शहर को चर्चा का विषय दे दिया है. लोग ऐसी पहल पर काफी खुश दिख रहे है और सभी से ऐसे सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की बात कह रहे हैं.
ये भी पढ़ें
सफलता की उड़ान: बिहार की बेटी ने रचा इतिहास, MBBS पास कर बनीं अपने गांव की पहली महिला डॉक्टर
Video Call पर डोली उठी, शादी की रस्म पूरी होते ही दुनिया छोड़ गए पिता

