जींद में बच्चियों पर फायरिंग करवाने वाले पिता और चाचा गिरफ्तार, पुलिस ने साजिश का किया पर्दाफाश
जींद में बच्चियों पर फायरिंग करवाने वाले पिता और चाचा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Published : March 3, 2026 at 9:13 PM IST
जींद: सीआईए ने लगभग पांच माह पहले सफीदों में दो मासूम बच्चियों पर हुई फायरिंग के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस मामले में बच्चियों के पिता नौशाद और चाचा साहिल को गिरफ्तार किया है. रंजिश का बदला लेने के लिए दोनों ने षड्यंत्र रचा था. पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है.
18 अगस्त 2025 की रात का है मामलाः सफीदों के उप पुलिस अधीक्षक गौरव शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि "18 अगस्त 2025 की रात को आदर्श कॉलोनी सफीदों में तरन्नुम और जसमीन नाम की दो सगी बहनों को घर में सोते समय फायरिंग की सूचना मिली थी. बच्चियों के दादा नूर हसन के बयान पर पुलिस ने पड़ोस के ही सोनू अब्जा और उसके साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुरानी रंजिश और तीन लाख रुपये के दबाव के कारण सोनू अब्जा ने प्लास्टिक के दरवाजे को तोड़ कर अंदर सो रही बच्चियों पर गोलियां चलवाई थी."
वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारीः शुरुआती जांच में नामजद आरोपितों के खिलाफ पुलिस को कोई ठोस सबूत नही मिले थे. इसके बाद मामला सीआईए स्टाफ सफीदों को सौंपा गया. सीआईए सफीदों की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर गहनता से जांच की. पुलिस ने नौशाद (पिता) और साहिल (चाचा) को जांच में शामिल करते हुए पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
विरोधियों को झूठे मुकदमें में फंसाने की थी साजिशः आरोपी नौशाद ने अपने विरोधी सोनू अब्जा सहित अन्य को झूठे मुकदमें में फंसाने और उन पर दबाव बनाने के लिए यह साजिश रची थी. दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है. पुलिस दोनों आरोपितों से गहनता से पूछताछ कर रही है.

