दिल्ली के लक्ष्मी नगर में दबंगों ने बाप-बेटे को बीच सड़क पर कपड़े उतारकर पीटा, एक आरोपी गिरफ्तार; AAP ने उठाये सवाल
दिल्ली स्थित लक्ष्मी नगर में दिन दहाड़े हुई मारपीट की घटना में एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Published : January 5, 2026 at 3:19 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. बदमाशों ने थार गाड़ी से टक्कर मारकर एक परिवार पर हमला किया और उन्हें बुरी तरह पीटा. इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है. इस मामले में डीसीपी अभिषेक धानिया ने बताया कि इस संबंध में पीसीआर दो जनवरी को झगड़े की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही इमरजेंसी ऑफिसर मौके पर पहुंचा, जहां शिकायतकर्ता और उसके परिजन मिले. उन्हें तत्काल मेडिकल जांच के लिए हेजवार अस्पताल भेजा गया.
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इलाज के बाद पीड़ित परिवार थाना लक्ष्मी नगर पहुंचा, जहां उनके बयान दर्ज किए गए. पीड़ित के बयान के आधार कई धराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया. पुलिस ने एक आरोपी सतीश पुत्र रणवीर यादव को लक्ष्मी नगर से गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने उनकी प्रॉपर्टी पर कब्जा कर रखा था. परिवार की ओर से जिम खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद बदमाशों ने इस हमले को अंजाम दिया. राजेश गर्ग और उसके बेटे वासु के साथ की गई बर्बरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पीड़ितों का कहना है कि आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे थे और खुद को राजनीतिक रूप से प्रभावशाली बताते थे.
दिल्ली के लक्ष्मी नगर में 2 जनवरी को दिनदहाड़े हुई बर्बर गुंडागर्दी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित राजेश गर्ग और उनके बेटे के साथ सड़क पर नंगा कर बेरहमी से मारपीट की गई।
— Sanjeev Jha (@Sanjeev_aap) January 5, 2026
CCTV में नीली जैकेट में ओंकार यादव साफ दिखाई दे रहा है, जो खुद को BJP और RSS का नेता… pic.twitter.com/HGUQILb5gH
लक्ष्मी नगर की घटना पर क्या बोले संजीव झा?
दिल्ली में कानून व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए विधायक संजीव झा ने भारतीय जनता पार्टी को घेरा. आप विधायक संजीव झा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि दिल्ली के लक्ष्मी नगर में 2 जनवरी को दिनदहाड़े हुई बर्बर गुंडागर्दी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़ित राजेश गर्ग और उनके बेटे के साथ सड़क पर बेरहमी से मारपीट की गई. CCTV में नीली जैकेट में ओंकार यादव साफ दिखाई दे रहा है, जो खुद को BJP और RSS का नेता बताता है और सोशल मीडिया पर बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें डालकर दबंगई दिखाता रहा. झा ने लिखा कि दिल्ली पुलिस की की मौजूदगी में भी आरोपी बेखौफ खड़े रहे और पीड़ित की पिटाई जारी रही. सवाल यह है कि क्या राजनीतिक रसूख के दम पर अपराधियों को संरक्षण मिलता है? क्या यही है कानून और व्यवस्था का चेहरा?
हरीश खुराना ने क्या कहा?
वहीं आप विधायक अनिल कुमार झा ने कहा कि अगर दिल्ली में प्रदूषण कंट्रोल हो जाता तो शायद ये घटना न होती. क्योंकि प्रदूषण सीधे दिमाग पर असर डाल रहा है जिसकी वजह से ये घटना हुई है. बीजेपी विधायक हरीश खुराना ने कहा बेहद दुःखद घटना है. लेकिन देखने को मिल रहा है की रोड रेज की घटना बढ़ रही है. इससे साफ़ जाहिर होता है कि लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है इसका कारण मानसिक तनाव है और इसको लेकर सरकार जल्द ही लोगों के स्ट्रेस को कम करने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी.
ये भी पढ़ें:

