ETV Bharat / state

फतेहाबाद मालखाने से गायब शराब मामले में SIT गठित, सदर थाना प्रभारी पर केस दर्ज

फतेहाबाद सदर थाना मालखाने से शराब की 100 से अधिक पेटियां गायब होने पर SHO पर केस दर्ज किया गया है.

FATEHABAD LIQUOR CARTONS MISSING
फतेहाबाद मालखाने से गायब हुई शराब की 100 से ज्यादा पेटियां (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 20, 2026 at 10:34 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फतेहाबाद: जिले सदर थाना के मालखाने से 100 से अधिक शराब की पेटियां गायब होने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. मामले के सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया है.

एसपी की जांच में मिली अनियमितताएं: मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी निकिता खट्टर ने पूरे प्रकरण की जांच करवाई. जांच में मालखाने के रिकॉर्ड और रखरखाव में अनियमितताएं सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए. इसके बाद शुक्रवार शाम को थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह का तबादला कर उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया.

एसपी ने जांच के बाद बदला पूरा स्टाफ (ETV Bharat)

सदर थाना का पूरा स्टाफ बदला: कार्रवाई के तहत रतिया थाना प्रभारी को सदर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. वहीं, पूरे थाना स्टाफ में भी बदलाव किया गया है. सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य पुलिस कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई संभव है.

एएसपी को सौंपी गई जांच: पूरे मामले की जांच एएसपी दिव्यांशी सिंगला को सौंपी गई है. पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने कहा कि, "मालखाने से शराब की पेटियां गायब होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."

जांच के लिए SIT गठित की गई: वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान फतेहाबाद के डीएसपी जगदीश काजल ने बताया कि, "मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गायब हुई शराब की पेटियों का क्या हुआ. उन्हें किसी को बेचा गया या किसी अन्य तरीके से ठिकाने लगाया गया.मालखाने का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है और उसकी नियमित जांच भी होती है. एएसपी की जांच में मामला सही पाए जाने पर SP ने इसे थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह की लापरवाही माना. शुक्रवार रात कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल लाइनहाजिर कर दिया गया. साथ ही उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 256 और 316 (5) के तहत एफआईआर भी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने थाने के पूरे स्टाफ को बदल दिया. हटाए गए कर्मचारियों में थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के अलावा 7 सब-इंस्पेक्टर, 3 ASI, 11 हेड कॉन्स्टेबल, 16 कॉन्स्टेबल, 9 SPO और 3 HKRN कर्मी शामिल हैं. सभी को अन्य थानों और यूनिटों में तैनात किया गया है.

सम्मान के 15 दिन बाद कार्रवाई: गौरतलब है कि प्रहलाद सिंह को करीब 15 दिन पहले बेहतर कार्यप्रणाली के लिए सम्मानित किया गया था. ऐसे में उनके खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी और विभागीय कार्रवाई ने पुलिस महकमे में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: झज्जर पुलिस मुठभेड़: विजय सैनी-अंजलि हत्याकांड का मास्टरमाइंड संजय एनकाउंटर में ढेर, पुलिसकर्मी भी घायल