फर्रुखाबाद में 3 डग्गामार बसें सीज, 70 हजार का जुर्माना; ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान
ARTO प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि चेकिंग के दौरान रोडवेज के रंग में एक बस दिल्ली से सवारी लाते हुए मिली.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 7:55 AM IST
फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में होली के अवसर पर दुर्घटनाओं से बचाने के ARTO प्रवर्तन सुभाष राजपूत, ARM रोडवेज राजेश कुमार द्वारा बसों की सघन चेकिंग की गई. ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी अभियान चलाया गया.
ARTO प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि चेकिंग के दौरान रोडवेज के रंग में एक बस दिल्ली से सवारी लाते हुए मिली. इसमें 75 सवारियां यात्रा कर रही थी. इसके अतिरिक्त एक अन्य बस जो कि दिल्ली से सवारी ला रही थी उसका बीमा समाप्त था.
उसका 6 महीने का टैक्स भी बकाया था. एक अन्य बस परमिट प्रस्तुत न करने के कारण पकड़ी गई. तीनों बसों को सीज कर रोडवेज बस अड्डा में खड़ा कराया गया है. इन पर 70000 रुपए जुर्माना लगाया गया.
ARTO प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया की होली के पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए ARTO द्वारा रोडवेज बसों और अन्य बसों के चालकों की ड्रंक एंड ड्राइव की चेकिंग की गई. 42 बसों की चेकिंग में कोई भी चालक मद्यपान कर वाहन चलाता हुआ नहीं पाया गया.
एक ऑटो को जब चेकिंग के दौरान पांचाल घाट पुल पर रोका गया तो उसने वाहन नहीं रोका, उसमें तेज आवाज में होली के गाने बजाए जा रहे थे. जब उसको गाड़ी से दौड़ाकर पकड़ा गया तो पाया कि उसने मद्यपान किया हुआ था.
उसके पास चालक लाइसेंस भी नहीं था. ऑटो में राजेपुर और अमृतपुर की सवारियां ले जाई जा रही थीं. उस ऑटो को पकड़कर उस पर 13000 रुपए का जुर्माना लगाते हुए कादरी गेट थाना के अंतर्गत ITI चौकी में सीज कर दिया गया.
एक मोटरसाइकिल पर 3 सवारी रॉन्ग साइड ले जाते हुए पाए जाने पर जब उसके ड्राइवर को चेक किया गया तो उसने काफी अधिक मात्रा में शराब पी रखी थी. जो उसके ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट से स्पष्ट हुआ. चालान के बाद उसको बिना शराब पिए उसके परिचितों के सुपुर्द किया गया.
जिलाधिकारी ने सभी से अपील की है कि मद्यपान कर वाहन न चलाएं. अपने साथ-साथ दूसरे का जीवन भी संकट में न डालें. ऐसा किए जाने पर परिवहन तथा पुलिस विभाग द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी.

