गौरव का क्षण; 24 सप्ताह के कठोर सैन्य प्रशिक्षण के बाद 968 अग्निवीर भारतीय सेना में शामिल
फर्रुखाबाद के राजपूत रेजिमेंटल सेंटर फतेहगढ़ में अग्निवीरों ने सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 31, 2026 at 8:26 AM IST
फर्रुखाबाद/बरेली : राजपूत रेजिमेंटल सेंटर फतेहगढ़ में 24 सप्ताह के कठोर, विशेष व गहन सैन्य प्रशिक्षण के बाद 968 अग्निवीर औपचारिक रूप से भारतीय सेना में शामिल हुए. भव्य पासिंग आउट परेड के बाद सभी अग्निवीर औपचारिक रूप से भारतीय सेना के गौरवशाली परिवार का हिस्सा बन गए हैं. इस बार की पासिंग आउट परेड को पहली बार ‘कॉम्बेटाइव’ (युद्धक) स्वरूप में आयोजित किया गया. परेड की सलामी कमांडेंट ब्रिगेडियर माईकल डिसूजा (युद्ध सेवा मेडल) ने ली.
इस अवसर पर कमांडेंट ब्रिगेडियर माईकल डिसूजा ने कहा कि उन्होंने अनुशासन, दृढ़निश्चय और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया है. इस बैच के प्रशिक्षण कार्यक्रम को आधुनिक युद्ध की बदलती जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया है. जिसमें नई पीढ़ी के हथियारों के संचालन, सामरिक जागरूकता और युद्धक्षेत्र अभिमुखीकरण (Battlefield Orientation) पर विशेष ध्यान दिया गया. मल्टी-टास्किंग और ‘फ्यूचर-रेडी’ सैनिक प्रशिक्षण के दौरान केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि अग्निवीरों की मानसिक दृढ़ता और दबाव में सही निर्णय लेने की क्षमता को भी परखा गया. इसके तहत अग्निवीरों को विशेष गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया.

कमांडेंट ब्रिगेडियर माईकल डिसूजा ने अग्निवीरों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी. समारोह के दौरान शपथ ग्रहण हुआ. जिसमें अग्निवीरों ने भारत के संविधान, राष्ट्र की संप्रभुता एवं भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं के प्रति निष्ठा की शपथ ली. इस अवसर पर विशिष्ट अग्निवीरों को पदक व सेंटर का फ्लैग प्रदान किया गया. आरआरसी परिसर में दूरदराज से पहुंचे अग्निवीरों के परिजन भी काफी उत्साहित नजर आए.

बरेली ; 1280 अग्निवीरों ने ली राष्ट्र सेवा का संकल्प
जाट रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के साथ अग्निवीर बैच 7/25 का सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो गया. परेड में 1280 अग्निवीरों ने हिस्सा लिया. प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सैन्य कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास की झलक जवानों ने शानदार मार्च पास्ट और ड्रिल प्रदर्शन में दिखाई दी. एक जैसी वर्दी, सटीक कदमताल और अनुशासित प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
समारोह के दौरान जवानों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया. इस विशेष अवसर पर करीब 3185 अभिभावक और अतिथि मौजूद रहे. अभिभावक अपने बेटों और परिजनों को सेना की वर्दी में देखकर गर्व और खुशी से लबरेज दिखे. समारोह के अंत में नवप्रशिक्षित अग्निवीरों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से सेवा करने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें : शपथ लेकर 602 अग्निवीर भारतीय सेना में हुए शामिल, फर्रुखाबाद में हुई पासिंग आउट परेड
यह भी पढ़ें : पासिंग आउट परेड में अंतिम पग पार करते ही भारतीय सेना का हिस्सा बने 114 अग्निवीर

