23 मार्च को पीपली में होगी किसानों की बड़ी रैली, आयोजन को लेकर कुरुक्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट ने की बैठक
भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप की बैठक में 23 मार्च को पीपली में होने वाली रैली की तैयारियों पर चर्चा हुई.

Published : February 22, 2026 at 8:52 PM IST
कुरुक्षेत्रः जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र में रविवार को भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप की एक अहम बैठक हुई. बैठक में 23 मार्च की प्रस्तावित रैली को लेकर विचार विमर्श हुआ. रैली की तैयारी के बारे में जानकारी देते हुए भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि "शहीद भगत सिंह के बलिदान दिवस पर किसान एक रैली कुरुक्षेत्र के पिपली में करेंगे जिसमें भारी संख्या में देशभर से किसान पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि आंदोलन को लेकर आगे के फैसले इसी रैली में लिए जाएंगे."
"पहले किसानों को MSP की गारंटी दे सरकार" : उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील, एमएसपी जैसी कई मुद्दे हैं. इस पर किसानों की मांगें अभी तक लंबित है. अगर भारत सरकार अमेरिका से खेती संबंधी सामग्री मंगवाना चाहती है तो बेशक मंगवाएं लेकिन उससे पहले किसानों को MSP की गारंटी देने का काम करे.
सभी लोग किसान हित में कर रहे हैं काम: कुरुक्षेत्र में किसानों के तीन दिन के पड़ाव को लेकर उन्होंने कहा कि "सभी किसान संगठन अपने-अपने तरीके से किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं. हम सब भाई हैं. विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन सभी लोग किसान हित में काम कर रहे हैं. हमारा संगठन तीन दिवसीय कार्यक्रम में शामिल नहीं है. ट्रेड डील पर भी सभी किसान संगठन अपने तरीके से नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. किसानों के मुद्दे पर जल्द सभी किसान एक मंच पर दिखाई देंगे और एक बड़ा आंदोलन देखने को मिलेगा."







