ETV Bharat / state

मंत्री किरोड़ी लाल के आश्वासन के बाद धरना समाप्त, जाम खुला, करौली-सवाई माधोपुर में नेटबंदी

भरतपुर संभागीय आयुक्त ने 24 घंटे के लिए करौली और सवाई माधोपुर इलाके में नेटबंदी करने के आदेश जारी किए हैं.

मौके पर समझाइश करते मंत्री किरोड़ी लाल मीणा
मौके पर समझाइश करते मंत्री किरोड़ी लाल मीणा (ETV Bharat Karauli)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 9, 2026 at 1:38 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

करौली : करौली में पांचना बांध के पानी को लेकर दो पक्षों में हुए मनमुटाव के बाद लगाए गए सड़क जाम को गुरुवार को खोल दिया गया. कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की समझाइश के बाद कमांड क्षेत्र के किसान मान गए और धरने को समाप्त करने की घोषणा की. जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चल रही अनर्गल टिप्पणियों को लेकर करौली और सवाई माधोपुर में नेटबंदी कर दी है.

वार्ता में मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि पांचना बांध का गेट खराब है, जो 7 से 10 दिन में दुरुस्त हो जाएगा और कमांड क्षेत्र की नहरों में सुचारू रूप से पानी आएगा. साथ ही सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. इसी के साथ उन्होंने कहा कि 'अगर आप मेरी बात मानते हैं तो जाम को तुरंत खोल दें. इसके बाद कमांड क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने कुंसाय रायपुर गांव में धरना समाप्त करने के साथ जाम को खोलने की घोषणा की'. इसके बाद गुरुवार को जिले भर के सड़क मार्गों से जाम खोल दिया गया है.

पढ़ें. पांचना बांध विवाद के बाद प्रशासन सख्त, करौली में इंटरनेट बंद, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने जारी की वीडियो अपील

करौली-सवाई माधोपुर में नेटबंदी : दोनों पक्षों में बड़े मनमुटाव के बाद सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी की जा रही थी. टिप्पणियों को लेकर दोनों पक्षों में काफी आक्रोश व्याप्त था, जिसके बाद भरतपुर संभागीय आयुक्त ने 24 घंटे के लिए करौली और सवाई माधोपुर इलाके में नेटबंदी करने के आदेश जारी किए हैं.

गुर्जर समाज ने दी थी चेतावनी : बुधवार को गुड़ला गांव में हुई गुर्जर समाज की महापंचायत में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था सरकार और प्रशासन समय रहते सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करे. साथ ही रास्ते के जामों को खुलवाए, ऐसा नहीं हुआ तो गुर्जर समाज 24 घंटे में पूरे राजस्थान में जाम करेगा.

पढ़ें. पांचना बांध विवाद के बाद प्रशासन सख्त, करौली में इंटरनेट बंद, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने जारी की वीडियो अपील

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा जलसंसाधन मंत्री सुरेश रावत, पंचायती राज विभाग के एसीएस कृष्ण कृणाल, एडीजी बीजू जार्ज, भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, आईजी कैलाश चंद्र विश्नोई ने बुधवार देर शाम करौली सर्किट में पहुंचकर करौली कलेक्टर अक्षय गोदारा, एसपी लोकेश सोनवाल से कानून व्यवस्था सड़क मार्गों के जाम के बारे में जानकारी ली. इसके बाद सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी में पहुंचकर कमांड क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल से देर रात तक वार्ता की.