ETV Bharat / state

दुर्ग कलेक्टोरेट में किसानों का प्रदर्शन, कर्ज माफी समेत तीन सूत्रीय मांग पर हुए एकजुट

दुर्ग कलेक्टोरेट में धमधा के किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया.किसान लोन माफी, बिजली किल्लत और स्कूल भवन को लेकर परेशान हैं.

Farmers protest at Durg Collectorate
दुर्ग कलेक्टोरेट में किसानों का प्रदर्शन (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 22, 2026 at 12:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धमधा : धमधा के किसानों ने दुर्ग कलेक्टोरेट में प्रदर्शन किया.किसानों का आरोप है कि उन्हें कर्जमाफी का मौखिक आश्वासन मिला था.जिसके बाद किसानों ने किस्त जमा करना बंद कर दिया.इसके बाद 19 किसानों की कर्जमाफी हुई लेकिन 100 से ज्यादा किसानों को कर्जमाफी का लाभ नहीं मिला. अब बैंक किसानों को जमीन कुर्क करने का नोटिस भेज रहा है,जिसे लेकर किसान परेशान हैं.

7 साल बाद आया कुर्की का नोटिस

किसानों ने बताया कि साल 2014-15 में धमधा क्षेत्र के कई किसानों ने आईडीबीआई बैंक से कृषि कार्य के लिए कर्ज लिया था.किसान नियमित रूप से बैंक की किस्तों का भुगतान कर रहे थे.इसी बीच साल 2018-19 में करीब 18 से 19 किसानों का कर्ज पूरी तरह माफ कर दिया गया. इसके बाद शेष 100 से अधिक किसानों को भी कर्ज माफी का मौखिक आश्वासन दिए जाने का दावा किसानों ने किया.

दुर्ग कलेक्टोरेट में किसानों का प्रदर्शन (ETV Bharat Chhattisgarh)

बैंक की ओर से मिले इस भरोसे के बाद हमने कर्ज की किस्तों का भुगतान रोक दिया.लेकिन अब कई साल बाद बैंक की ओर से किसानों को जमीन कुर्की के नोटिस जारी किए जा रहे हैं. हमने पहले भी इस मामले को लेकर कलेक्ट्रेट में अधिकारियों से शिकायत की थी, जहां जल्द समाधान का आश्वासन मिला था. बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है - टेक सिंह चंदेल, किसान नेता

बिजली और स्कूल भवन की भी समस्या से कराया अवगत

किसानों ने गांव में बिजली व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्या भी प्रशासन के सामने रखी. ग्रामीणों का कहना है कि गांव के ट्रांसफार्मर में लगातार करंट प्रवाहित होने की समस्या बनी हुई है. इसके कारण कई लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं और ग्रामीणों में डर का माहौल है. किसानों का आरोप है कि समस्या के सुधार के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों ग्रामीणों से 75 हजार रुपए की मांग की जा रही है. किसानों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.


इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव में स्कूल भवन नहीं होने की समस्या भी उठाई.भवन के अभाव में बच्चों की पढ़ाई पंचायत भवन में कराई जा रही है.ग्रामीणों ने जल्द से जल्द स्कूल भवन निर्माण की मांग की. तिरंगा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं मिलने को लेकर भी किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली. किसानों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने और लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई की मांग की है.



नया बीएससी नर्सिंग कॉलेज खोलने की घोषणा, लेकिन पुराना डिप्लोमा कॉलेज अब तक सुविधाविहीन, बड़ा सवाल कैसे होगी पढ़ाई

बैंक खाते में लिंक और मोबाइल नंबर बदलकर 14 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

IGKV पेपर लीक मामले में NSUI ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को घेरा, नोटों की माला और डायपर लेकर प्रदर्शन