ETV Bharat / state

खाद और डीजल के लिए किसान कर रहे त्राहिमाम, गुंडे उड़ा रहे कानून की खुलेआम धज्जियां: बघेल

जीपीएम दौरे पर पहुंचे पूर्व सीएम ने सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी के परिजनों से मुलाकात भी की.

SHORTAGE OF FERTILIZER AND DIESEL
खाद और डीजल के लिए किसान कर रहे त्राहिमाम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 25, 2026 at 8:50 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जीपीएम: पेंड्रा दौरे पर पहुंचे पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी के परिवारवालों से मुलाकात की. बीते दिनों प्रदीप सोनी की हत्या लूट के बाद बदमाशों ने कर दी थी. बघेल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज खत्म हो चुका है. बघेल ने आरोप लगाया कि गुंडे-बदमाशों को सत्ता पक्ष का समर्थन है तभी वो बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. बघेल ने कहा कि पहले इस तरह की वारदातें यहां नहीं हुआ करती थी. लेकिन अब यहां के हालात तेजी से बदल रहे हैं. आम नागरिक और दुकानदार खुद को इस माहौल में असुरक्षित महसूस कर रहा है.

बदमाश उड़ा रहे कानून की धज्जियां: बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है. उन्होंने कहा कि जनता पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है. कभी भाजपा नेता उत्तर प्रदेश और बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते थे, लेकिन आज छत्तीसगढ़ में भी वैसी ही स्थिति देखने को मिल रही है. बघेल ने कहा कि प्रदेश में सरकार और प्रशासन की पकड़ कमजोर होती जा रही है.

खाद और डीजल के लिए किसान कर रहे त्राहिमाम (ETV Bharat)

प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति काफी खराब है. पहले हम यूपी बिहार की बात करते थे, अभी छत्तीसगढ़ में हालात वहां जैसे ही हो गए हैं. सत्ता पक्ष का संरक्षण गुंडे बदमाशों को मिल रहा है. जीपीएम हमेशा से शांत जिला रहा है, यहां नक्सलवाद का भी असर नहीं रहा कभी. इन सब बातों के बावजूद यहां अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है. पेट्रोल डीजल और खाद की किल्लत के लिए सरकार जिम्मेदार है. प्रदेश के किसान परेशान हैं. पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि से किसान दुखी हैं. चुनाव आयोग भी देश में न्यायोचित काम नहीं कर रहा है: भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री

किसानों के बहाने सरकार पर निशाना

भूपेश बघेल ने किसानों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रासायनिक खाद की कृत्रिम कमी पैदा कर किसानों को निर्धारित कीमत से अधिक राशि चुकाने के लिए मजबूर किया जा रहा है. बघेल का आरोप है कि किसान एक बोरी खाद के लिए 250 से 700 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करने को विवश है, जो किसानों के हितों के खिलाफ है.

एमपी के सीएम पर साधा निशाना

मध्य प्रदेश के उज्जैन में जमीन खरीद के मामले को लेकर मध्य प्रदेश सरकार पर भी बघेल ने सवाल उठाए. भूपेश बघेल ने कहा कि आगामी सिंहस्थ मेले से पहले बड़े पैमाने पर जमीन खरीदी की गई है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने पूछा कि इतनी बड़ी मात्रा में जमीन खरीदने के लिए धन कहां से आया. अयोध्या से जुड़े मुद्दे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वहां जमीन और चढ़ावे से जुड़े मामलों में अनियमितताएं हुई हैं. उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए.

राघवेंद्र पटेल हत्याकांड में फैसला, जीपीएम कोर्ट ने सुनाई 2 को आजीवन कारवास की सजा

जीपीएम में छात्र ने की जान देने की कोशिश, स्कूल में प्रवेश नहीं मिलने से था निराश

संदिग्ध सामान तोड़ने के दौरान धमाका, एक युवक गंभीर रुप से घायल, जीपीएम पुलिस कर रही जांच