ETV Bharat / state

मूसल से बारुद कूटते समय हुआ हादसा : किसान की दर्दनाक मौत, पत्नी-बेटी और पड़ोसी गंभीर घायल

किसान मानाराम के शरीर के चीथड़े उड़ गए, जबकि उसकी पत्नी, बेटी और पड़ोसी के शरीर पर भी गंभीर चोटें आई.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय
पुलिस अधीक्षक कार्यालय (फाइल फोटो)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 23, 2026 at 9:59 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बाड़मेर : जिले में मूसल से बारुद कूटते समय एक बड़ा हादसा सामने आया है. बारूद फटने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, बेटी और पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए. तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.

नागाणा थानाधिकारी दिनेश के अनुसार घटना के संबंध में मृतक के परिजनों की ओर से रिपोर्ट दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया जंगली सुअरों को भगाने के लिए बारूद को छोटे-छोटे टुकड़े करने के लिए लोहे की मूसल से कूटने के दौरान ब्लास्ट होने की बात सामने आई है. हालांकि, जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

पढ़ें. अजमेर में कन्वेंशन भवन के लिए आवंटित भूमि में किए गए 15 से ज्यादा विस्फोट, मकानों में आईं दरारें, लोगों में दहशत

घटना जिले के नागाणा थाना क्षेत्र के बाटाडू खीपसर गांव की है. यहां शनिवार को किसान मानाराम और उसकी पत्नी केशीदेवी, बेटी भगवती ओर पड़ोसी राजू राम सुअर भगाने के लिए घर के अंदर बारूद के मूसल से कूट-कूटकर टुकड़े कर रहे थे. इसी दौरान अचानक बारूद में धमाके के ब्लास्ट हो गया. इससे किसान मानाराम के शरीर के चीथड़े उड़ गए, जबकि उसकी पत्नी, बेटी और पड़ोसी के शरीर पर भी गंभीर चोटें आई. बारूद फटने की तेज धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायलों को बाटाडू अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया गया.

फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जबकि तीनों घायलों का जोधपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा है. किसान मानाराम का एक बेटा और दो बेटियां हैं. घटना के समय बड़ी बेटी रसोई में खाना बना रही थी और बेटा दिनेश ननिहाल गया हुआ था, जिसके चलते दोनों बच गए. धमाके की आवाज सुनकर रसोई में खाना बना रही बड़ी बेटी लहरों दौड़कर कमरे के पास पहुंची तो उसके होश उड़ गए. पिता का शरीर बुरी तरह फट गया था, छोटी बहन और मां के शरीर से भी खून बह रहा था और पास बैठे बुजुर्ग पड़ोसी के हाथ पर भी गंभीर चोट आई थी. किसान मानाराम परिवार में एकमात्र कमाने वाला व्यक्ति था.