ETV Bharat / state

मिड डे मील में अंडा देकर फोटो खींची.. फिर वापस ले लिया, प्रिंसिपल सस्पेंड

बिहार में अंडे के चक्कर में स्कूल के प्रधानाध्यापक सस्पेंड हो गए. मुंगेर में डीईओ ने कार्रवाई की है, जानिए क्यों?.

HEADMASTER SUSPENDED IN MUNGER
प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 4, 2025 at 7:36 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंगेर : मध्यान्ह भोजन में बच्चों को अंडा थमाकर फोटो खिंचवाने और बाद में अंडा वापस ले लेने के मामले में एक्शन हुआ है. बिहार के मुंगेर में यह कार्रवाई देखने को मिली है. जिले के जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 स्थित प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर के प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार पर बड़ी कार्रवाई हुई है.

DEO ने माना मामला बेहद गंभीर : डीईओ कुणाल गौरव ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. डीईओ ने साफ चेतावनी दी है कि शिक्षा के मंदिर में लापरवाही या मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बच्चों को अंडा थमाकर तस्वीर खिंचवाने और बाद में वह अंडा वापस ले लेने की घटना को बेहद गंभीर माना है.

HEADMASTER SUSPENDED IN MUNGER
स्कूल में पढ़ाई करते बच्चे (ETV Bharat)

प्रधानाध्यापक को किया गया सस्पेंड : दरअसल, मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था पर सवाल उठने के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने पूरे मामले की जांच की. जांच रिपोर्ट में प्रधानाध्यापक सीधे तौर पर दोषी पाए गए. इसके बाद डीईओ ने बिना देरी किए निलंबन का आदेश जारी किया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय टेटिया बंबर निर्धारित कर दिया गया है. विभागीय कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को चिट्ठी भी भेजी गयी है.

''शिक्षा विभाग बच्चों को बेहतर माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है. इस तरह की घटनाएं न केवल निंदनीय हैं बल्कि विभाग की छवि को धूमिल करती हैं. जिम्मेदारी मिले तो उसे ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाना ही होगा. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.''- कुणाल गौरव, डीईओ, मुंगेर

HEADMASTER SUSPENDED IN MUNGER
मुंगेर डीईओ कुणाल गौरव (ETV Bharat)

लोगों में आक्रोश : घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक से इस अमानवीय कृत्य को लेकर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने शिकायत सीधे शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से की.

छात्रों ने क्या कहा? : इधर स्कूल के छात्रों ने बताया कि मध्यान्ह भोजन के समय अंडा नहीं दिया गया था. जब इसको लेकर बात आगे बढ़ी तो अचानक प्रधानाध्यापक कहीं से अंडे मंगवाए, हमारे हाथ में पकड़ाकर फोटो खिंचवाई और फिर वह अंडा वापस ले लिया गया. घर जाने पर बच्चों ने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ लिया.

ये भी पढ़ें :-

बिहार शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर के ठिकानों पर विजिलेंस की रेड, अवैध संपत्ति का आरोप

बिहार में सालों से पढ़ा रहे फर्जी शिक्षकों पर गिरी गाज, तीन के खिलाफ केस दर्ज