ETV Bharat / state

फरीदाबाद में युवती को ईको में अगवा कर लूटा, 17 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी और लॉकेट बरामद

फरीदाबाद में युवती के अपहरण, मारपीट और सोने का लॉकेट लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Faridabad Woman Kidnapping
युवती को ईको में अगवा कर लूटा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 29, 2026 at 3:54 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद: शहर के आईएमटी चौक क्षेत्र से ईको गाड़ी में युवती के अपहरण, मारपीट और गले से सोने का लॉकेट लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. तकनीकी जांच और गुप्त सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी, लूटा गया सोने का लॉकेट और युवती को चोट पहुंचाने में इस्तेमाल बीयर की बोतल बरामद कर ली है.

आईएमटी चौक से युवती को किया अगवा: इस पूरे मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि, "10 अगस्त की शाम गांव चंदावली के पास आईएमटी चौक क्षेत्र से एक नामालूम ईको गाड़ी चालक ने युवती को अपनी गाड़ी में अपहरण कर लिया था. आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गले से सोने का लॉकेट लूटकर फरार हो गया. युवती की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी."

फरीदाबाद में युवती को ईको में अगवा कर लूटा (ETV Bharat)

तकनीकी जांच से आरोपी की पहचान: यशपाल सिंह ने आगे कहा कि, "मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को जांच सौंपी गई. पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की. पुलिस ने गांव खेड़ी कलां निवासी योगेश नरवत उर्फ पंडित जी को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया."

TIP के बाद पूछताछ में खुली कड़ियां: पुलिस ने अदालत के आदेश पर 24 अगस्त को आरोपी की शिनाख्त परेड कराई. इसके बाद वारदात में इस्तेमाल सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई आगे बढ़ाई गई. पुलिस के अनुसार आरोपी को 27 अगस्त को अदालत से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की गई.

गाड़ी, लॉकेट और बीयर की बोतल बरामद: पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी बरामद की. इसके अलावा युवती से लूटा गया सोने का लॉकेट और चोट पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की गई बीयर की बोतल भी बरामद की गई. बरामदगी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया. पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक साल 2025 में थाना तिगांव क्षेत्र में भी आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज हुआ था.

ये भी पढ़ें: यमुनानगर दादूपुर हेड पर खड़ी मिली बाइक, पास में मिला चप्पल-चश्मा, 30 साल का युवक लापता, सर्च ऑपरेशन जारी