फरीदाबाद की नीमका जेल में अब्दुल रहमान की हत्या पर बड़ा एक्शन, जेल सुपरिंटेंडेंट हरेंद्र और डीएसपी निलंबित
फरीदाबाद के नीमका जेल में बंद अब्दुल रहमान की हत्या के बाद जेल सुपरिंटेंडेंट हरेंद्र और डीएसपी सुरक्षा जेल सचिन को निलंबित किया गया है.

Published : February 12, 2026 at 7:15 PM IST
फरीदाबाद : हरियाणा की फरीदाबाद जिला जेल नीमका में बंद संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या के मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद जेल सुपरिंटेंडेंट हरेंद्र और डीएसपी सुरक्षा जेल सचिन को निलंबित कर दिया गया है. डीजीपी जेल आलोक मित्तल ने दोनों अधिकारियों के सस्पेंशन की पुष्टि की है. इससे पहले ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में एक वार्डर और हेड वार्डर को भी सस्पेंड किया जा चुका है.
अब्दुल रहमान की जेल में हत्या : पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, रविवार रात करीब 2:30 बजे जम्मू-कश्मीर के रहने वाले बदमाश अरुण चौधरी ने सुरक्षा सेल में बंद अब्दुल रहमान पर नुकीले पत्थर से हमला कर दिया. आरोप है कि अरुण चौधरी ने पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर अब्दुल रहमान की हत्या कर दी. घटना के समय दोनों कैदी जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद थे. वारदात के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और गंभीर रूप से घायल अब्दुल रहमान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

अधिकारियों पर एक्शन : प्राथमिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में चूक और निगरानी में लापरवाही की आशंका जताई गई है. सुरक्षा सेल में इस तरह की घटना ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की है. वहीं, नारनौल के जेल सुपरिंटेंडेंट संजय बांगर को नीमका जेल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जेल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा ना हो.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद के नीमका जेल में कैदी की हत्या, साथी कैदी पर हत्या का आरोप, जांच जारी
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद की नीमका जेल में कैदी की मौत, हरियाणा रोडवेज विभाग में क्लर्क के पद पर था कार्यरत, परिजनों में रोष
ये भी पढ़ें : नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी को मिली जमानत, फरीदाबाद की नीमका जेल में था बंद

