ETV Bharat / state

फरीदाबाद नगर निगम का हाउस टैक्स कलेक्शन अभियान तेज, बकायेदारों की प्रॉपर्टी होगी सील और नीलाम

फरीदाबाद नगर निगम ने बकायेदारों के खिलाफ कड़ा रूख अख्तियार किया है. निगम ने प्रॉपर्टी सीलिंग और नीलामी की तैयारी कर दी है.

Faridabad Municipal Corporation
फरीदाबाद नगर निगम का हाउस टैक्स कलेक्शन अभियान तेज, (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 17, 2026 at 10:48 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद: फरीदाबाद नगर निगम ने उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है, जिन्होंने बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा. नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सोनाली शर्मा ने हाल ही में अपने सभी अधिकारियों के साथ बैठक की. साथ ही एक हफ्ते के भीतर बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग और नीलामी की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए.

नए गांवों से भी वसूली की शुरुआत: नगर निगम अब हाल ही में शामिल किए गए 24 गांवों से भी हाउस टैक्स वसूली की तैयारी में जुट गया है. अधिकारियों ने बताया कि इन गांवों में भी समय पर टैक्स जमा नहीं होने वाले घरों और व्यावसायिक इकाइयों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पिछला टैक्स वसूली आंकड़ा: नगर निगम के सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार लगभग 7.5 लाख यूनिट में से सिर्फ 50% का टैक्स वसूला गया है. निगम ने 2024-25 में 190 करोड़ रुपए टैक्स वसूलने का लक्ष्य रखा था, लेकिन सिर्फ 146 करोड़ रुपए ही वसूले जा सके. अब निगम ने 2025-26 के लिए 200 करोड़ रुपए टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया है, जिसे 31 मार्च 2026 तक पूरा करना है.

सबसे ज्यादा टैक्स ओल्ड फरीदाबाद से: नगर निगम की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा टैक्स ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में बकाया है. इसके बाद बड़खल और तीसरे नंबर पर एनआईटी विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां से वसूली प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी.

नीलामी प्रक्रिया की तैयारी: आयुक्त सोनाली शर्मा ने कहा कि, “बकायेदारों की प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने के लिए नीलामी की प्रक्रिया भी चल रही है. अधिकारियों से एक हफ्ते में रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि पता चल सके कि कहां-कहां से कितना टैक्स वसूलना है. इसके बाद आगे की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.”

लगातार अपील और नोटिस: नगर निगम ने बार-बार लोगों से अपील की कि वह अपना हाउस टैक्स समय पर जमा करें. इसके अलावा नोटिस भी भेजे गए, लेकिन अभी तक सभी से टैक्स वसूला नहीं जा सका है. यही कारण है कि नगर निगम अब सख्त कार्रवाई करने जा रहा है.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में कांग्रेस विधायक पर केस दर्ज, कैथल SDM को झुनझुना देने की कोशिश की थी, कहा था- पकड़ो और बजाओ