फरीदाबाद में युवक की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों का आरोप, बोले- "शराब ठेके के पास मारपीट के बाद की गई हत्या"
फरीदाबाद में शराब ठेके के पास युवक की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने पैसों के विवाद में पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया.

Published : July 6, 2026 at 3:10 PM IST
फरीदाबाद: फरीदाबाद के सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास रविवार रात 38 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल मिला. परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान पटेल नगर झुग्गियों में रहने वाले प्रशांत के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों का आरोप: मृतक के परिजनों का आरोप है कि प्रशांत की चार से पांच लोगों ने मिलकर बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. उनका कहना है कि यह घटना पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ी है. परिजनों ने मामले में शिवम, प्रीतम, बालाजी समेत अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस फिलहाल सभी आरोपों की जांच कर रही है.

भाई ने बताई पूरी घटना: मृतक के भाई विकास ने बताया कि, "प्रशांत का चावला कॉलोनी स्थित माहेश्वरी कम्युनिकेशन के संचालक शिवम के साथ पैसों का लेनदेन था. प्रशांत काफी समय से अपने पैसे मांग रहा था, लेकिन उसे हर बार टाल दिया जाता था. रविवार शाम वह पैसे लेने शिवम की दुकान पर गया था. वहां से शिवम उसे सेक्टर-4 स्थित शराब के ठेके के पास ले गया. दोनों ने शराब पी और जब प्रशांत ने अपने पैसे मांगे तो चार-पांच लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की."
शरीर पर मिले चोटों के निशान: मृतक के भाई ने आगे कहा कि, "जब हम मौके पर पहुंचे तो प्रशांत गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा था. उसके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे. इन चोटों से साफ जाहिर होता है कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई. ये हत्या का मामला है. हम आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं."
परिवार की जिम्मेदारी उठाता था प्रशांत: परिजनों के अनुसार प्रशांत एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. वह अपनी पत्नी और तीन छोटे बच्चों का पालन-पोषण करता था. पैसों की वसूली को लेकर वह लंबे समय से तनाव में था. परिवार का कहना है कि इसी विवाद के चलते उसकी पत्नी भी कुछ दिन पहले अपने गांव चली गई थी.
जांच में जुटी पुलिस : इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है. सेक्टर-8 पुलिस चौकी प्रभारी बिट्टू सिंह ने बताया कि, "मामले में परिजनों की शिकायत मिल चुकी है. परिवार ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी."
ये भी पढ़ें: बहन की एक कॉल और उजड़ गया परिवार, करनाल में युवक की हत्या से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

