ETV Bharat / state

फरीदाबाद में एक्सटॉर्शन गिरोह के आरोपी मोनू गुर्जर ने रिमांड के दौरान पुलिस पर किया हमला, मुठभेड़ के दौरान हुआ घायल

विदेश में बैठकर हरियाणा में वसूली करने वाले गैंग के एक आरोपी ने पुलिस रिमांड के दौरान फरीदाबाद पुलिस पर हमला कर दिया.

EXTORTION GANG IN Faridabad
रिमांड के दौरान पुलिस पर किया हमला (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 11, 2026 at 6:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद सेक्टर 30 के क्राइम ब्रांच की टीम 10 फरवरी को पुलिस रिमांड में मोनू गुर्जर को लेकर बरामदगी के लिए पुलिस चौकी पाली क्षेत्र के अंतर्गत फरीदाबाद गुड़गांव रोड पर पहाड़ी क्षेत्र में गई थी. इसी दौरान मोनू गुर्जर ने पुलिस अधिकारी का पिस्टल छीनकर हमला कर दिया. जवाबी कार्रवाई में मोनू गुर्जर के पैर में गोली लगी. मोनू गुर्जर को इलाज के लिए एम्स दिल्ली में दाखिल है जहां उसकी स्थिति सामान्य है.

तीनों आरोपी पंजाब के निवासीःमामले में 2 अन्य आरोपी भी पुलिस रिमांड पर थे. तीनों के खिलाफ रंगदारी मांगने का आरोप है. मोनू गुर्जर जो सुखपुरा रोड बठिंडा पंजाब, हनी जो संजय नगर बठिंडा पंजाब और कपिल उर्फ कन्नू बठिंडा पंजाब का रहने वाला है. इनके खिलाफ 7 फरवरी को थाना सेंट्रल में एक एक्सटॉर्शन और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें शिकायतकर्ता के घर में धमकी भरा पत्र और कारतूस छोड़े गए थे. एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की विस्तार से जानकारी दी.

मुठभेड़ के दौरान मोनू गुर्जर घायल (Etv Bharat)

जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बांए पैर में गोली लगी: एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि "अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम तीनों आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी. 10 फरवरी को अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम आरोपी मोनू गुर्जर को लेकर हथियार बरामदगी के लिए पुलिस चौकी पाली क्षेत्र के अंतर्गत फरीदाबाद गुड़गांव रोड पर पहाड़ी क्षेत्र में गई थी. जहां पर आरोपी ने एक पिस्टल, पांच कारतूस और AK-47 के पांच कारतूस बरामद कराये थे. इसी दौरान आरोपी मोनू ने पुलिस कर्मचारी की आंख में मिट्टी फेंक कर उसकी सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर दो फायर किये. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी."

एक्सटॉर्शन के लिए कारतूस और धमकी भरा पत्र भेजा थाः एएसपी ने मामले की जानकारी देते बताया कि "5 फरवरी को थाना सेंट्रल में एक्सटॉर्शन और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत एक मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में फरीदाबाद के एक व्यापारी ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसका स्टील का व्यापार है. 17 दिसंबर 2025 को दिन के समय उसके व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के लिए फोन आया था. इसके बाद 2 फरवरी को दिन के समय उसके मकान के आसपास कुछ नौजवान लड़के संदिग्ध गतिविधि में दिखाई दिये थे. 5 फरवरी को रात के समय उसके घर की गैलरी में पड़ी एक थैली में 5 कारतूस और रंगदारी मांगने का एक धमकी भरा पत्र मिला था."

EXTORTION GANG IN FARIDABAD
मोनू गुर्जर घायल (Etv Bharat)

मोनू के खिलाफ दर्ज हैं कई मामलेः एएसपी ने बताया कि "मोनू के विरूद्ध अपहरण, लड़ाई झगड़े और आर्म्स एक्ट के 4 मामले पंजाब में दर्ज हैं. वहीं हनी पर एक डकैती और कपिल पर एक वाहन चोरी का मामला पंजाब में दर्ज है.

ये भी पढ़ें-फरीदाबाद में दो जगहों पर मुठभेड़, पैर में गोली लगने से चार कुख्यात बदमाश घायल, सब-इंस्पेक्टर को भी लगी गोली