फरीदाबाद में डिलीवरी बॉय बनकर सास-बहू से सोने की ज्वैलरी लूटी, यूपी का आरोपी अरेस्ट
हरियाणा के फरीदाबाद में डिलीवरी बॉय ने घर में घुसकर सास-बहू से सोने के आभूषण लूट लिए. आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

Published : August 29, 2026 at 6:45 PM IST
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसे युवक ने महिला और उसकी सास को चाकू के बल पर डराकर सोने के आभूषण लूट लिए. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-48 और एनआईटी की टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तरप्रदेश का रहने वाला है आरोपी : गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरप्रताप सिंह उर्फ वीरू के रूप में हुई है. वो मूल रूप से गांव कुंभपुरा, फतेहाबाद, आगरा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में गणपति कॉलोनी, फरीदाबाद में रह रहा था.
पहले पार्सल की जानकारी लेने पहुंचा, फिर की लूट : एसीपी क्राइम 2 वरुण कुमार दहिया ने बताया कि ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी महिला ने 28 अगस्त को थाना सूरजकुंड में शिकायत दी थी. महिला के अनुसार, 26 अगस्त को वह अपनी सास के साथ घर पर मौजूद थी. सुबह करीब 10 बजे एक युवक उनके घर आया और पार्सल रिसीव होने के संबंध में जानकारी लेने के बाद वहां से चला गया. इसके करीब डेढ़ घंटे बाद सुबह 11:30 बजे एक अन्य युवक डिलीवरी बॉय बनकर घर पहुंचा. महिला की सास ने उसे डिलीवरी बॉय समझकर दरवाजा खोल दिया. वो अपनी बहू को बुलाने के लिए घर के अंदर गईं. इसी दौरान युवक घर के अंदर दाखिल हो गया और चाकू दिखाकर दोनों महिलाओं को डराने लगा.
महिलाओं से सोने के आभूषण उतरवाए : आरोपी ने दोनों महिलाओं से सोने के आभूषण उतरवा लिए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया. शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
पहले भी कर चुका था पार्सल डिलीवर : पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी शिकायतकर्ता के घर पर कई बार पार्सल डिलीवर कर चुका था. इसी वजह से उसे घर की स्थिति और वहां रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी थी. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 26 अगस्त की सुबह पार्सल डिलीवरी के बहाने घर पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया था. आरोपी ने देखा कि उस समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था और केवल महिलाएं थीं. इसके बाद उसने कथित तौर पर लूट की योजना बनाई और कुछ समय बाद दोबारा डिलीवरी बॉय बनकर घर पहुंच गया.
चाकू और लूटे गए आभूषणों की तलाश : पुलिस ने आरोपी को 29 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस लूटे गए सोने के आभूषणों की बरामदगी के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद करने का प्रयास कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : पंचकूला में महिलाओं से लूट, झपटा मारकर सोने की बालियां छीनी, सीसीटीवी में कैद वारदात
ये भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र में एडवोकेट के घर लूट मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख कैश समेत जेवरात बरामद
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

