'मेरे लिए वो मर चुकी है'...पिता ने जिंदा बेटी के लिए छपवाई शोक पत्रिका, रखा मृत्यु भोज
22 मार्च को तीये की बैठक और 31 मार्च को ब्रह्मभोज का कार्यक्रम घोषित किया गया है. जानिए पूरा मामला...

Published : March 22, 2026 at 4:48 PM IST
भीलवाड़ा: जिले के शक्करगढ़ थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपनी जीवित पुत्री को 'मृत' मानकर उसका शोक संदेश छपवा दिया है. इस मामले में शाहपुरा के एएसपी राजेश आर्य ने रविवार को बताया कि लड़की ने लगभग 8 महीने पूर्व आर्य समाज में अन्य लड़के से शादी की थी. अब हाल ही में लड़की अपने घर माता-पिता के पास आई थी. इसी दौरान यह घटनाक्रम हुआ है.
युवती बालिग है. थाने में उसे परिजनों से मिलवाया गया और काफी समझाने का प्रयास भी हुआ, लेकिन वह युवक के साथ रहने पर अड़ी रही. कानूनन बालिग लड़की को उसकी मर्जी के साथ जाने की अनुमति है. दोनों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है. परिजनों की ओर से शोक संदेश छपवाना उनका निजी और भावनात्मक निर्णय है.
पिता की मनुहार भी नहीं पसीजी: पिता ने अपनी पुत्री को उच्च शिक्षा के लिए जयपुर भेजा था. इस बीच लड़की ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध अन्य समाज के युवक के साथ शादी कर ली. पुलिस की ओर से दस्तयाब किए जाने के बाद थाने में पिता ने अपनी बेटी से घर लौटने के लिए काफी मिन्नतें की. इसके बाद भी बेटी युवक के साथ जाने के फैसले पर अड़ी रही.
पढे़ं. प्रेम विवाह से आहत पिता ने जिंदा बेटी का रखा मृत्यु भोज, छपवाई शोक पत्रिका
शोक संदेश में झलकी पिता की पीड़ा : बेटी के रुख से आहत पिता ने अब उसे हमेशा के लिए त्याग दिया है. पिता की ओर से छपवाए गए शोक पत्र में बेटी की फोटो के साथ 20 मार्च 2026 को उसका 'स्वर्गवास' दर्शाया गया है. इसमें 22 मार्च को तीये की बैठक और 31 मार्च को ब्रह्मभोज का कार्यक्रम घोषित किया गया है. कार्ड के नीचे शोक संतप्त में पिता सहित पूरे परिवार का नाम भी लिखा गया है.

