ETV Bharat / state

रोहतास में किसान का खेत से शव बरामद, बेटी ने लगाया हत्या का आरोप

रोहतास में किसान की रोहतास संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. किसान की बेटी ने गांव के ही लोगों पर हत्या का आरोप लगाया.

farmer suspicious death in Rohtas
रोहतास में किसान की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 27, 2026 at 1:47 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरा भुतहा गांव में किसान महेंद्र नट की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. शव खेत में बरामद हुआ है. महेंद्र नट कई वर्षों से खेती-बाड़ी का काम करते थे और गांव में उनकी अच्छी पहचान थी. शनिवार सुबह उनकी लाश खेत में पड़ी मिली, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया.

वज्रपात की अफवाह, पुलिस ने खारिज किया दावा: घटना की शुरुआती चर्चा में यह अफवाह फैलाई गई कि महेंद्र नट की मौत रात में वज्रपात से हुई है. हालांकि, जब संझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की बारीकी से जांच की गई तो इस दावे की पुष्टि नहीं हुई. मृतक के शरीर पर बिजली गिरने वाले किसी भी प्रकार के झुलसने या जलने के निशान नहीं पाए गए. पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जताई है.

मृतक की बेटी ने लगाये हत्या के आरोप (ETV Bharat)

बेटी का सीधा आरोप: महेंद्र नट की बेटी खुशबू कुमारी ने पुलिस को दिए बयान में गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिता का गांव के प्रमोद यादव सहित कुछ अन्य व्यक्तियों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इस विवाद के चलते पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे और इसकी सूचना पुलिस को दी जा चुकी थी. खुशबू का कहना है कि सुरक्षा नहीं दिए जाने के कारण ही उनके पिता की हत्या कर दी गई. उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

"पिता का गांव के ही प्रमोद यादव सहित कुछ अन्य लोगों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण हत्या की गई है. इस जमीन को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी गई थी. इसके बावजूद मेरे पिता की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और उनकी हत्या कर दी गई."-खुशबू कुमारी, महेंद्र नट की बेटी

घटनास्थल पहुंचे एसडीपीओ: घटना की गंभीरता को देखते हुए बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एसडीपीओ ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है और पुलिस हर पहलू पर गहन जांच कर रही है.

farmer suspicious death in Rohtas
एसडीपीओ बिक्रमगंज सिंधु शेखर सिंह (ETV Bharat)

"खेत से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है. प्रथम दृष्ट्या मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."-सिंधु शेखर सिंह, एसडीपीओ, बिक्रमगंज

वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की तैयारी: पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है. टीम खून के निशान, पैरों के छापे, संघर्ष के संकेत और अन्य महत्वपूर्ण क्लू एकत्र करेगी. अधिकारियों का मानना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट से अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: महेंद्र नट का शव पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा. घटना के बाद खैरा भुतहा गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है. परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द न्याय दिलाने की अपील की है.

ये भी पढ़ें-

बिहार में फिर अपराधियों का दुस्साहस, गया में किसान की हत्या.. सड़क किनारे मिली लाश

जमुई में किसान की गोली मारकर हत्या, बेड पर खून से लथपथ पड़ा मिला शव