बिहार में पुलिस की वर्दी और आईडी पहन वाहन चालकों से वसूलता था पैसे, ऐसे गिरफ्तार हुआ फर्जी निगरानी अधिकारी
मधेपुरा में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर वाहनों से अवैध वसूली करने वाला गिरफ्तार. पुलिस बरामद की फर्जी आईडी, जानें कैसे खुला राज.

Published : December 16, 2025 at 12:39 PM IST
मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले में सदर थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी बताकर अवैध वसूली करता था.
आरोपी की हुई पहचान: गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार सिंह (34 वर्ष) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के चंदौर हनुमाननगर वार्ड संख्या-10 का निवासी है और वर्तमान में मधेपुरा के भिरखी वार्ड संख्या-22 में किराए के मकान में रह रहा था.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना: मधेपुरा एएसपी प्रवेंद्र भारती के अनुसार, 14 दिसंबर को सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार को गुप्त सूचना मिली कि नया बस स्टैंड मोड़ के पास एक व्यक्ति पुलिस अधिकारी बनकर वाहनों से वसूली कर रहा है. सूचना पर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा: पुलिस वाहन देखते ही आर्मी टी-शर्ट पहने आरोपी विजय कुमार सिंह वहां से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया. शुरुआत में उसने अपना नाम-पता बताने से इनकार किया और खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी बताया.
फर्जी आईडी कार्ड बरामद: गहन पूछताछ और तलाशी में उसके पास से एक फर्जी पुलिस परिचय पत्र बरामद हुआ, जिसमें उसे विशेष ड्यूटी अधिकारी पुलिस (एसआई) दर्शाया गया था. जांच में यह आईडी पूरी तरह फर्जी पाई गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से उसी स्थान पर खड़ा होकर पुलिस का भय दिखाकर अवैध वसूली करता था.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी: एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि इस मामले में मधेपुरा सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी विजय कुमार सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.
"गुप्त सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड मोड़ के पास एक व्यक्ति निगरानी विभाग का अधिकारी बनकर अवैध वसूली कर रहा है. सदर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार किया. उसके पास से फर्जी पुलिस आईडी बरामद हुई. आरोपी विजय कुमार सिंह लंबे समय से ऐसा कर रहा था."-प्रवेंद्र भारती, एएसपी, मधेपुरा
ये भी पढ़ें-
बिहार में फिर पकड़ा गया फर्जी दरोगा, गृह रक्षक भर्ती में दिखा रहा था रौब
पहले फर्जी IPS, इसके बाद Hero, अब 'ठग' बना मिथलेश मांझी, नौकरी के नाम पर 12 युवकों से ठगी का आरोप

