फरीदाबाद में फर्जी ASI गिरफ्तार, ट्रैफिक पुलिस ने किया काबू, थाना ओल्ड में मामला दर्ज
फरीदाबाद में वाहन चेकिंग के दौरान एक फर्जी ASI को गिरफ्तार किया गया. पहचान पत्र पर आरोपी ने पुलिस जवान का फर्जी आई कार्ड दिया.

Published : February 13, 2026 at 8:47 PM IST
फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद पुलिस ने एक नकली एएसआई को गिरफ्तार किया है. पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि "12 फरवरी को बड़खल चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान कर्मचारियों द्वारा एक ALTO कार को रुकवाया तो चालक ने अपने आपको हरियाणा पुलिस का ASI बताते हुए थाना सूरजकुंड में तैनाती की बात कही."
आईकार्ड सिपाही का दिखायाः इसके बाद उससे आई कार्ड मांगा गया तो उसने एक सिपाही का आई कार्ड दिखाया. शक होने पर छानबीन की गई तो पाया कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत नहीं है. धौंस दिखाने के लिए उसने गाड़ी के आगे पीछे पुलिस के स्टीकर भी लगे हुए थे. इसके बाद पुलिस चौकी सेक्टर 19 की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया. पुलिस रिमांड में आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
फर्जी पुलिसकर्मी से की जा रही है पूछताछः पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने आगे बताया कि "इस संबंध में नसीब, हॉमगार्ड ट्रैफिक स्टाफ फरीदाबाद की शिकायत पर थाना ओल्ड में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी की पहचान दीपक वासी गांव अंखीर फरीदाबाद के रूप में हुई. आरोपी से पूछताछ की जा रही है की कहीं एएसआई बनकर कोई फर्जीवाड़ा तो नहीं करता था. पूछताछ के बाद ही पता चलेगा की आरोपी किस कारण से पुलिस बनकर घूम रहा था."

