ETV Bharat / state

अमेठी में बन रही नकली कीटनाशक-खाद; कांग्रेस और अपना दल नेता के संरक्षण में चल रही थी फैक्ट्री, DM ने किया खुलासा

टीम ने मौके से बड़े पैमाने पर नकली खाद, कीटनाशक व निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं.

Etv Bharat
अमेठी के स्कूल से बरामद नकली खाद और कीटनाशक. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : December 31, 2025 at 10:09 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में किसानों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी हो रही है. यहां पर एक स्कूल में नकली खाद और कीटनाशक बनाने का गोरखधंधा चल रहा था. जिसे डीएम के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापेमारी कर खुलासा किया है.

टीम ने मौके से बड़े पैमाने पर नकली खाद, कीटनाशक व निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं. जिस स्कूल में यह काम हो रहा था वह एक कांग्रेस नेता का है और अपना दल एस पार्टी के नेता के संरक्षण में गोरखधंधा चल रहा था.

जिला कृषि अधिकारी राजेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि एक कंपनी के अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी अमेठी से शिकायत की गई थी कि उसकी कंपनी के नाम से कोई अन्य कंपनी के लोग पैकिंग का काम कर रहे हैं. जिसकी शिकायत को संज्ञान में लेकर कंपनी के एक प्रातनिधि को डमी कैंडिडेट के रूप में भेजा गया.

इसके बाद मजिस्ट्रेट और पूरी फोर्स के साथ छापा मारा गया. मौके पर पैकिंग तो नहीं की जा रही थी लेकिन, उसका मेटेरियल रखा हुआ था. पैक्ड मेटेरियल बोरे में भरा जा रहा था. मौके से 450 पैकेट से अधिक कीटनाशक पाया गया. प्रथम दृष्टया सारे कीटनाशक नकली प्रतीत हो रहे हैं.

मौके से विभिन्न कंपनियों के अन्य कीटनाशक भी बरामद किए गए हैं. इसके अतिरिक्त, बड़ी मात्रा में कच्चा माल भी बरामद हुआ है. जिसमें 15 कट्टे सफेद पाउडर 498.39 किग्रा, 01 कट्टा नीला पाउडर 258.30 किग्रा और 07 कट्टे काला पाउडर 187.0 किग्रा शामिल हैं.

मौके से विभिन्न कंपनियों के खाली बैग, बोरियां, खाद के पैकेट, 200 बोतल बीपीएल डीएपी, 3400 बोतल इफको डीएपी और 500 खाली डीएपी बोतलें सहित अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई. सबसे हैरानी की बात यह रही कि मौके से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगी बोरियां भी मिलीं. जिनका इस्तेमाल किसानों को गुमराह करने के लिए किया जा रहा था.

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कांग्रेस के एक बड़े नेता के विद्यालय परिसर में यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था. जैसे ही टीम ने छापा मारा मौके पर मौजूद लोग भाग गए. मौके पर मौजूद मजदूर राम उजागिर यादव ने पूछताछ बताया कि उसे शिवम तिवारी ने 400 रुपए प्रतिदिन की दिहाड़ी पर काम के लिए बुलाया था. शिवम तिवारी अपना दल एस के जिला उपाध्यक्ष बताएं जा रहे हैं.

ये भी पढ़ेंः किसान भाइयों के लिए फायदे की खबर; सीएसए ने खोजी सरसो-गेहूं की 3 नई प्रजातियां, कई कीटों से सुरक्षित, पैदावार बढ़ेगी