सचिवालय का फर्जी OSD बस्ती में गिरफ्तार; कार पर लाल-नीली बत्ती लगाकर जमा रहा था रौब
पुलिस ने नीली-लाल बत्ती लगी कार, 2 वॉकी-टॉकी, 5 फर्जी विजिटिंग कार्ड, iPhone और 4 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 9:13 AM IST
बस्ती: बस्ती पुलिस ने VIP प्रोटोकॉल के नाम पर ठगी का भंडाफोड़ किया है. उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो और लाल-नीली बत्ती लगी कार में घूमकर खुद को शासन का विशेष कार्याधिकारी (OSD) बताने वाले एक शातिर जालसाज को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
आरोपी लखनऊ सचिवालय का फर्जी अधिकारी बनकर न केवल टोल प्लाजा और सरकारी दफ्तरों में VIP सुविधाएं और मुफ्त आवाजाही हासिल कर रहा था, बल्कि सरकारी काम कराने के नाम पर आम जनता से भारी ठगी भी कर रहा था. पुलिस ने उसके पास से नीली-लाल बत्ती लगी कार, 2 वॉकी-टॉकी, 5 फर्जी विजिटिंग कार्ड, iPhone और 4 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं.
थाना कोतवाली प्रभारी बृजानंद सिंह ने बताया कि पुलिस और यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी की संयुक्त पुलिस टीम बड़ेबन पुल के नीचे वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान लखनऊ नंबर (UP 32 HW 2225) की एक सफेद रंग की कार पहुंची.
इसकी छत पर लाल-नीली बत्ती जल रही थी. आगे-पीछे उत्तर प्रदेश सरकार लिखा हुआ था. पुलिस टीम ने जब कार को रोककर पूछताछ की तो उसमें पीछे बैठा युवक पुलिसकर्मियों पर ही रौब जमाने लगा.
उसने खुद को लखनऊ सचिवालय का OSD मोहसिन खान बताते हुए अपना विजिटिंग कार्ड दिखाया. हालांकि, शक होने पर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल की तो उसका पूरा फर्जीवाड़ा बेनकाब हो गया.
पकड़े गए फर्जी अधिकारी से पूछताछ में बताया कि उसका नाम मोहसिन खान (28) निवासी दारुलशफा हजरतगंज, लखनऊ व मूल निवासी चईयाबारी, बस्ती है.
इसके बाद उसने कबूल किया कि वह काफी समय से फर्जी पहचान पत्र और बत्ती का इस्तेमाल कर अलग-अलग जिलों में VIP प्रोटोकॉल ले रहा था. अपना रौब मजबूत करने के लिए उसने 15 हजार रुपए महीने पर लखनऊ निवासी राजेश यादव नाम का ड्राइवर भी रखा हुआ था.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की विभिन्न गंभीर धाराओं और 66D IT Act के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया. चालक को जांच में सहयोग की हिदायत देकर नोटिस पर छोड़ा गया है. बस्ती पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने और ऐसे किसी भी फर्जी अधिकारी के झांसे में न आने की अपील की है.

