साहिबगंज में साढ़े तीन करोड़ की नकली दवा का भंडाफोड़, ऐसे हुआ खुलासा
साहिबगंज पुलिस ने करोड़ों रुपये की नकली दवा पकड़ी है.

Published : March 19, 2026 at 8:15 AM IST
साहिबगंज: जिले के मिर्जा चौकी थाना क्षेत्र के महादेवरण गांव में नकली कीटनाशक निर्माण कार्य का भंडाफोड़ हुआ है. शंभु पंडित की पत्नी पुतुल देवी के घर से भारी मात्रा में नकली कीटनाशक से भरा डब्बा, खाली डब्बा एंव स्टीकर बरामद किया गया है. बताया जाता है कि इंडोफिल इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि उसकी कंपनी द्वारा निर्मित एलेक्टो नामक कीटनाशक दवा की उनके यहां गलत तरीके से पैकिंग की जा रही है.
एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी
इसके बाद कंपनी के अधिकारी दरभंगा निवासी गोपाल कुमार झा अपनी टीम के साथ पहुंचे और यहां के अधिकारियों की इसकी जानकारी दी. इसके बाद एसडीओ अमर जान आइंद, एसडीपीओ किशोर तिर्की के नेतृत्व में वहां छापेमारी की गई. इस दौरान नकली कीटनाशक एलेक्टो का 1610 भरा डब्बा, 25272 पीस स्टीकर, खाली डिब्बा आदि बरामद किया गया. महिला को पूछताछ के लिए पुलिस ले गई है. बताया जा रहा है कि इस दवा के एक डिब्बे की कीमत करीब 1350 रुपये है, यहां उपलब्ध केमिकल से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की दवा बनाई जा सकती थी.
पुलिस की हिरारत में महिला
सभी सामान को जब्त कर मिर्जाचौकी लाया गया है. बताया जा रहा है कि महिला ने पूछताछ में बताया है कि एक ऑटो चालक ने उसे सारा सामान दिया था तथा छोटे-छोटे डिब्बे में पैक करने को कहा था, उसे दो रुपया प्रति डिब्बा मिलना था. पहली बार यह काम मिला था. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. इस मौके पर सदर सीओ बासुकीनाथ टुडू, मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रूपेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का आदि मौजूद थे.
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है. नकली दवा के साथ स्टिकर, केमिकल एवं साथ में निर्मित दवा भी जब्त की गई है. जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. इस दवा का उपयोग फल एवं सब्जी को कीटों से बचाने के लिए किया जाता है: अमर जान आइंद, एसडीओ, सदर
ये भी पढ़ें- झारखंड में नकली दवाओं पर लगेगा लगाम! CID ने स्पेशल ड्राइव चलाने का जारी किया आदेश
देशभर में फैले हैं हरिद्वार की नकली दवा फैक्ट्री के तार, तहकीकात में जुटी उत्तराखंड STF

