बेमेतरा में दसवीं पास फर्जी आईएएस गिरफ्तार, नौकरी के नाम पर करता था ठगी
बेमेतरा की देवकर पुलिस ने फर्जी आईएएस को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पढ़िए पूरी रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 24, 2026 at 3:56 PM IST
बेमेतरा: छत्तीसगढ़ में ठगों का जाल फैला हुआ है. बेमेतरा पुलिस ने मंगलवार को एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है. यह फर्जी आईएएस बनकर लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगता था. आरोपी पिछले कई महीनों से बेमेतरा जिले में सक्रिय रहकर लोगों को अपना शिकार बना रहा था. आरोपी का नाम रोहित कुमार है. आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
फर्जी आईएएस की क्राइम कुंडली जानिए
बेमेतरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी रोहित कुमार बीते एक साल से देवकर क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था. वह मात्र दसवीं पास है लेकिन इसके बावजूद वह खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा का अधिकारी बताता था. वह लोगों को नौकरी दिलवाने का झांसा देकर ठगी करता था. इसके अलावा वह लोगों को ट्रांसफर कराने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का लालच देकर ठगी करता था. जांच में अब तक यह सामने आया है कि आरोपी ने 3 लोगों को ठगी का शिकार बनाया है. लोगों से उसने 2 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की है.
आरोपी ने फर्जी आईएएस बनकर ठगी की कई वारदातों को अंजाम दिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से कई मोमैंटो मिले हैं- अलील चंद, देवकर चौकी प्रभारी, बेमेतरा पुलिस

फर्जी आईएएस पर कसा शिकंजा
डीआईजी बेमेतरा रामकृष्ण साहू के निर्देश पर देवकर पुलिस की सक्रियता से आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. देवकर चौकी की पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि उसने अन्य किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया है. क्या इस ठगी में कोई अन्य सहयोगी भी शामिल है. बेमेतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.


