IAS अधिकारी के नाम पर फेसबुक पर हो रहा था 'खेल', अब पुलिस को सौंपी शिकायत
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के नाम की फर्जी फेसबुक आईडी का मामला सामने आया है. पुलिस के पास मामले की शिकायत दी गई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 11:48 AM IST
शिमला: प्रदेश में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं. अब बड़े अधिकारियों और रसूखदार लोगों के नाम पर साइबर ठगी को अंजाम दिया जा रहा है. ठगी के लिए साइबर ठग नए नए तरीके अपना रहे हैं. एक बार फिर हिमाचल के शिमला में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की फेक फेसबुक आईडी बनाकर ठगी को अंजाम देने का प्रयास किया गया.
ठगों ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी यूनुस खान के नाम से एक फेसबुक आईडी बनाई. इस आईडी के जरिए लोगों से पैसे की मांग करने लगे. आईएएस अधिकारी यूनुस के पास ये मामला पहुंचा. इसके बाद उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए फेसबुक पर फेक आईडी का खुलासा किया. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा मेरे संज्ञान में यह बात आई है कि मेरे नाम और तस्वीरों का उपयोग करके कुछ नकली फ़ेसबुक अकाउंट चलाए जा रहे हैं. मैं सभी मित्रों से अनुरोध करता हूं कि इन अकाउंट्स को स्वीकार न करें और न ही इनके साथ कोई संपर्क करें. इस मामले की सूचना फ़ेसबुक और पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए दी जा चुकी है. कृपया इन फ़र्ज़ी प्रोफ़ाइल्स को रिपोर्ट करके सहयोग करें.
बता दें कि डॉ. यूनुस खान 2010 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं. यूनुस खान कई जिलों में डीसी का कार्यभार संभाल चुके हैं. पूरे में एचआरटीसी में प्रबंध निदेश रह चुके हैं. वर्तमान में उनके पास उद्योग विभाग के निदेशक का चार्ज है.
इससे पहले साइबर ठगों ने ठगी के लिए शिमला डीसी के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना डाला था. इतना ही नहीं ठगों ने व्हाट्सएप पर लोगों को मैसेज भेज कर ठगी का भी प्रयास किया. हैरानी की बात ये है कि इसमें वियतनाम के कंट्री कोड (+84) का इस्तेमाल किया गया था, ताकि ठग पुलिस से बच सकें. फर्जी आईडी के जरिये ठगों ने लोगों से चैट करने का भी प्रयास किया गया था. डीसी शिमला ने बाद में मामले की शिकायत भी पुलिस को सौंपी थी. वहीं, एसडीएम शहरी शिमला ओशिन शर्मा का भी फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया था. गोरतलब हैं कि इससे पहले भी शिमला के बड़े अधिकारियों, डॉक्टर की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी के मामले सामने आ चुके हैं.
ये भी पढ़ें: शिमला में निर्माणधीन टनल धंसी, घरों में आई दरारें, इस सड़क को किया गया बंद

