ETV Bharat / state

अलीगढ़ में नकली देसी घी की फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो कुंतल से ज्यादा मिलावटी घी बरामद, पिता-पुत्र पर मुकदमा दर्ज

खाद्य कारोबारी शिवम माहेश्वरी की फैक्ट्री एसकेएम ट्रेडर्स पर खाद्य प्रशासन ने छापा मारा. बड़े पैमाने पर नकली देसी घी तैयार करने के साक्ष्य मिले.

नकली देसी घी की फैक्ट्री का भंडाफोड़.
नकली देसी घी की फैक्ट्री का भंडाफोड़. (Photo Credit; Food Safety Department)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : December 21, 2025 at 10:48 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़ : बाजार में खुलेआम बिक रहे मिलावटी और नकली देसी घी को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. रविवार को एफएसडीए की टीम ने गंगीरी कस्बे में संचालित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर नकली देसी घी बनाने के पूरे खेल का खुलासा किया. टीम ने लगभग दो कुंतल से अधिक पैक्ड और खुला मिलावटी घी, वनस्पति, कर्नेल पाम ऑयल, मोम जैसा अज्ञात रसायन और खुशबू वाला एसेंस बरामद किया. मौके से कुल आठ नमूने जांच के लिए भरे गए हैं और फैक्ट्री संचालक पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है.

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी त्रिभुवन नारायण, प्रवेश कुमार सिंह और आशीष गंगवार की टीम गठित की गई थी. पुलिस बल के साथ टीम रविवार को गंगीरी स्थित खाद्य कारोबारी शिवम माहेश्वरी की फैक्ट्री एसकेएम ट्रेडर्स पर पहुंची. जांच के दौरान फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर नकली देसी घी तैयार किए जाने के साक्ष्य मिले.

छापेमारी के दौरान डेयरी मिल्क ब्रांड के एक-एक किलो के 26 टेट्रा पैकेट, एसकेएम अमृत प्रीमियम क्वालिटी के एक-एक किलो के 95 पैकेट और डेयरी मिल्क घी के 500 ग्राम वाले 11 पैकेट बरामद किए गए. इस तरह कुल 132 पैक्ड घी के पैकेट जब्त किए गए. इसके अलावा 23 लीटर कर्नेल ऑयल, पांच किलो मोम जैसा अज्ञात रसायन, पांच किलो वनस्पति और भगोने में करीब 60 किलो तैयार किया गया विनिर्मित घी भी पकड़ा गया. पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री भी मौके से मिली.

मौके पर जिन आठ नमूनों को संग्रहित किया गया, उनमें शुद्ध देसी घी डेरी मिल्क 500 ग्राम, शुद्ध देसी घी डेरी मिल्क एक किलो, मोम जैसा पदार्थ, रिफाइंड पाम ऑयल, खुला घी, वनस्पति और एसेंस शामिल हैं. सभी नमूनों को सील कर खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. एफएसडीए के सहायक आयुक्त अजय कुमार जायसवाल ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में खाद्य कारोबारकर्ता शैलेश कुमार और उनके पुत्र शिवम माहेश्वरी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है.

यह भी पढ़ें : लखनऊ में गणतंत्र दिवस पर गूंजेगी बुंदेलखंड की गौरव गाथा, शोभा यात्रा में देखेगी सांस्कृतिक विरासत की झलक