धमतरी में फर्जी CID अधिकारी बनकर धौंस जमा रहा था युवक, फेक ID कार्ड और प्लेट भी बनवाई
धमतरी में फर्जी CID अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है. वह स्कॉर्पियो गाड़ी में नेशनल क्राइम कंट्रोल का बोर्ड लगाकर घूम रहा था.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 22, 2026 at 6:03 PM IST
धमतरी: जिले में एक युवक खुद को CID अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था. वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी पर “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का बोर्ड लगाकर घूमता था और फर्जी आईडी कार्ड दिखाकर खुद को सरकारी जांच एजेंसी का अधिकारी बताता था. कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
कैसे मिली पुलिस को जानकारी?
21 फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक स्कॉर्पियो (CG 05 AU 6136) खड़ी है, जिस पर “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखा हुआ है. बताया गया कि गाड़ी में बैठा व्यक्ति खुद को CID अधिकारी बताकर लोगों को धमका रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
आरोपी कौन है?
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष) निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया. उसके पास से दो फर्जी आईडी कार्ड मिले, जिन पर CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT और CRIME INVESTIGATION DETECTIVE लिखा था. वह खुद को नेशनल अफसर बता रहा था.
क्या खुलासा हुआ पूछताछ में?
आरोपी ने सितंबर 2025 में फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे. वह ऑनलाइन पैसे देकर इनकी कथित वैधता बढ़वाता था. इन कार्ड और बोर्ड का इस्तेमाल वह टोल टैक्स से बचने और लोगों पर रौब जमाने के लिए करता था. पुलिस की पूछताछ में वह कोई वैध नियुक्ति पत्र या सरकारी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया.

क्या-क्या सामान जब्त हुआ?
- 2 फर्जी आईडी कार्ड
- 1 “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड
- 1 महिंद्रा स्कॉर्पियो (CG 05 AU 6136)
- 1 आईफोन, जियो सिम सहित
- 1 सैमसंग M12, जियो और BSNL सिम सहित
किन धाराओं में केस दर्ज?
थाना सिटी कोतवाली धमतरी में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 204, 205 और 336 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर सरकारी अधिकारी होने का झूठा दावा किया और अवैध लाभ लेने की कोशिश की.
धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को सरकारी अधिकारी बताकर धमकाए या संदेहास्पद गतिविधि करे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

