मोबाइल ऐप से बनाया फर्जी एडमिट कार्ड, परीक्षा देने पहुंचा युवक अफीम के साथ गिरफ्तार
फर्जी परीक्षार्थी के प्रवेशपत्र को जब क्यूआर कोड से स्कैन किया गया तो उसका डेटा सिस्टम से मेल नहीं खाया. वह पकड़ में आ गया.

Published : May 25, 2026 at 10:40 AM IST
उदयपुर: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने का मामला सामने आया है. राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर रविवार को जांच के दौरान एक युवक को परीक्षा से पहले ही मुख्य गेट पर रोक लिया गया. तलाशी लेने पर उसकी जेब से 1 ग्राम अफीम भी बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
सूरजपोल थानाधिकारी रतनसिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक का नाम जयेश जाट है. वह चित्तौड़गढ़ जिले के मातृकुंडिया के समीप का निवासी है तथा उसके पिता का नाम रमेश जाट है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने मोबाइल ऐप की सहायता से असली जैसा दिखने वाला फर्जी प्रवेश पत्र तैयार किया था. रविवार सुबह आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा में वह परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचा था. इसके बाद वह दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक आयोजित दूसरी पाली की 'सी-सेट' परीक्षा देने के लिए राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर पहुंचा.
पढ़ें: जयपुर की ज्योति मौर्य ने बिना कोचिंग के पास की परीक्षा, तीसरे प्रयास में 667वीं रैंक
केंद्र के मुख्य द्वार पर तैनात स्टाफ ने प्रवेश पत्र की जांच के दौरान उस पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन किया. स्कैनिंग के दौरान क्यूआर कोड का डेटा सिस्टम से मेल नहीं खाया. डेटा मिसमैच होने पर ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को संदेह हुआ और युवक को तुरंत रोक लिया गया. पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. तलाशी के दौरान उसकी जेब से 1 ग्राम अफीम भी बरामद हुई. पुलिस ने फर्जी प्रवेश पत्र और बरामद अफीम को जब्त कर लिया है. फिलहाल सूरजपोल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

