रमजान के पहले जुम्मे पर नूंह में उमड़ा अकीदत का सैलाब, मस्जिदों में दिखी रौनक, दुआओं से गूंज उठीं जामा मस्जिदें
रमजान के पहले जुम्मे पर नूंह में मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ नजर आई.

Published : February 20, 2026 at 5:06 PM IST
नूंह: जिले में रमजान के पाक महीने का पहला जुम्मा अकीदत और रूहानियत के खास माहौल में अदा किया गया. सुबह से ही मस्जिदों, बाजारों और गलियों में अलग ही रौनक देखने को मिली. मुस्लिम बाहुल्य इलाके में जुम्मे की नमाज को लेकर खासा उत्साह नजर आया. रमजान का हर दिन अहम माना जाता है, लेकिन पहले जुम्मे की फिजा कुछ और ही होती है. दूसरे रोजे पर पड़े इस जुम्मे में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में रोजा रखा और इबादत में मशगूल रहे.
जामा मस्जिदों में उमड़ी भारी भीड़: दोपहर होते-होते मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी. कई जगह मस्जिदें खचाखच भर गईं और लोगों को बाहर तक सफें लगाकर नमाज अदा करनी पड़ी. पिनगवां की जामा मस्जिद में मौलाना जमील ने जुम्मे की नमाज अता कराई. नमाज से पहले कुरआन की तिलावत, तस्बीह और जिक्र-अजकार से पूरा माहौल रूहानी हो गया. सफेद कुर्ता-पायजामा और टोपी पहने नमाजियों की कतारें बेहद आकर्षक दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं. एक साथ सैकड़ों लोगों का सजदे में झुकना हर किसी के लिए भावुक कर देने वाला नजारा था.
खास पैगाम: नमाज के बाद मौलाना आलम कादरी ने रोजे की अहमियत पर रोशनी डालते हुए कहा, “रमजान सब्र, तकवा और खुदा की रजा हासिल करने का महीना है. पहले जुम्मे की खास बरकत होती है, इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा इबादत कर अल्लाह से अपनी मगफिरत की दुआ करनी चाहिए. इस बार रमजान में पांच जुम्मे पड़ रहे हैं, जो इबादत और सवाब कमाने का सुनहरा मौका हैं. नमाज के बाद सैकड़ों हाथ दुआ के लिए उठे और लोगों ने अपने परिवारों की सलामती, मुल्क की तरक्की, अमन और शांति के लिए दुआ मांगी."
बाजारों में दिखी इफ्तार की रौनक: जुम्मे की नमाज के बाद बाजारों में भी रौनक साफ नजर आई. इफ्तार की तैयारी को लेकर फलों और जरूरी सामान की दुकानों पर भीड़ रही. फल विक्रेताओं के पास खरीददारों की लंबी कतारें लगी रहीं. रोजेदार मुस्तफा ने बताया, “पहला जुम्मा हमारे लिए बेहद खास होता है. आज मस्जिद में जो सुकून मिला, वह बयां नहीं किया जा सकता. हम सबने अपने घर और देश की खुशहाली के लिए दुआ की है.” पूरे जिले में रहमत और बरकत की दुआओं के साथ पहला जुम्मा अमन और भाईचारे का पैगाम देकर संपन्न हुआ.
ये भी पढ़ें:रमजान पर मेवात में बाजारों में दिखी खास रौनक, खरीदारों की उमड़ी भारी भीड़

