खाटू श्यामजी में निर्जला एकादशी मेला, 6.30 क्विंटल आम और विदेशी फूलों से सजा बाबा का दरबार
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर खाटू श्यामजी धाम में दो दिवसीय मेला शुरू हो गया है. भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है.

Published : June 25, 2026 at 4:47 PM IST
सीकर: खाटू श्यामजी धाम में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय मेला आज से शुरू हो गया है. सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं. एकादशी, द्वादशी और शनिवार-रविवार की छुट्टियों के कारण अगले चार दिनों में लाखों भक्तों के खाटू पहुंचने की उम्मीद है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार निर्जला एकादशी और द्वादशी को बाबा खाटू श्याम के दर्शन का विशेष महत्व है. इसी वजह से राजस्थान के अलावा देश के दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटू धाम पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर और आसपास भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर कमेटी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है.
इसे भी पढ़ें- खाटू श्याम का अनोखा भक्त: 1000 कीलों पर दंडवत करते हुए मंदिर पहुंचेगा नितेश, डेढ़ महीने में पूरी होगी यात्रा
आम और फूलों से हुआ भव्य शृंगार: इस बार मेले का मुख्य आकर्षण बाबा श्याम का खास फूल बंगला और आकर्षक सजावट है. श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर को लगभग 6.30 क्विंटल ताजे आमों और देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया है. मोगरा, गुलाब, इंग्लिश फूल, नारंगी व बसंती गेंदा, जिप्सो सहित दो दर्जन से अधिक किस्मों के फूलों का इस्तेमाल किया गया है. हरे-पत्तों और पीले आमों से प्राकृतिक सजावट की गई है.
जिला प्रशासन ने बिजली और स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी आपातकालीन स्थिति तुरंत नियंत्रित की जा सके. श्रद्धालुओं के लिए छाया, पीने का पानी, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्थाएं भी चाक-चौबंद की गई हैं. यातायात को सुगम रखने के लिए रींगस से खाटू जाने वाले मार्ग को नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है. रेलवे ने भी भक्तों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई हैं. रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेनों का समय बढ़ा दिया गया है और भिवानी-ढहर का बालाजी-भिवानी स्पेशल ट्रेन भी संचालित हो रही है.

इसे भी पढ़ें- बाबा श्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले का भव्य समापन, 378वीं परंपरा का साक्षी बना खाटू धाम, 15 लाख से ज्यादा भक्तों ने किए दर्शन
24 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के कपाट: श्री श्याम मंदिर कमेटी के अनुसार निर्जला एकादशी पर विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है. सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ रही है. श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर 24 घंटे खुला रहेगा. आगामी तीन दिनों तक दिन में भी कपाट बंद नहीं किए जाएंगे. मंदिर कमेटी और प्रशासन का अनुमान है कि 25 जून के आसपास रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु खाटू पहुंचेंगे.

