इंडो-नेपाल बॉर्डर पर फेस-आईडी स्कैनर का पहरा, बचकर निकल पाना नामुमकिन
बहराइच सीमा पर आने-जाने वालों का डाटा जुटाने का प्रयास, देश की सीमा को सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 1:10 PM IST
|Updated : January 9, 2026 at 2:02 PM IST
बहराइच: जनपद के इंडो नेपाल बॉर्डर से आए दिन संदिग्धों को पकड़ा जा रहा है. कोई भी संदिग्ध इस बॉर्डर को पार न कर पाए जिसको लेकर अब पायलट प्रोजेक्ट के तहत फेस एंड आईडी स्कैनर लगाया गया है. सभी व्यक्तियों की आईडी और चेहरा स्कैन होने के बाद ही उन्हें भारत में प्रवेश की अनुमति मिलेगी या भारत से नेपाल जाने की अनुमति मिलेगी. वहीं आने-जाने वाले सभी वाहनों का डेटा भी एकत्र किया जा रहा है.
बता दें, जनपद के भारत-नेपाल सीमा के रूपईडीहा चेक पोस्ट पर अब संदिग्ध बॉर्डर पार नहीं कर पाएंगे. अगर प्रयास भी करते हैं तो उन्हें धर दबोचा जाएगा. इसके लिए चेक प्वाइंट पर हाइटेक कैमरों से लैस स्कैनर लगाया गया है. पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से आए दिन बड़ी संख्या में पाकिस्तान व अन्य देशों के नागरिक बगैर वीजा के भारत में घुसने की नाकाम कोशिश कर चुके हैं. जिसे एसएसबी के जवान पकड़ कर जेल भी भेज चुके हैं.
इंडो नेपाल बॉर्डर से लगने वाले इन जिले की करीब 125 किमी खुली सीमा है. जिसके चलते लोग आसानी से यह रास्ता चुनते है. इस मामले में एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावल ने बताया कि फोर्स हेड क्वार्टर की तरफ से एक पायलट प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है. जितने भी लोगों का आना-जाना हो रहा हैं, उसमें से नेपाली नागरिक या हिंदुस्तानी नागरिक ही आ और जा सकते हैं.
इस पर फोर्स हैडक्वाटर ज्यादा ध्यान दे रहा है ताकि आने वाले दिनों में कोई भी एंटी नेशनल एलिमेंट की गतिविधियों का पता लगाया जा सके. कमांडेंट ने कहा कि अगर देश में पाकिस्तान, बांग्लादेश या चीनी नागरिक घुसता है तो हमें उसे पकड़ने में आसानी रहेगी और हमारे पास डाटा भी रहेगा की कौन व्यक्ति कब घुसा है.
उन्होंने कहा कि ये पायलट प्रोजेक्ट है और जब ये अप्रूव्ड हो जाएगा, तो हम कैमरे और सिस्टम को भी बढ़ाएंगे तो धीरे-धीरे लोगों को सुविधा भी होगी. चूंकि अभी ये प्रॉजेक्ट स्टार्ट हुआ है, तो कोई भी काम शुरू होता है तो थोड़ी समस्या आती है. इसके अलावा इससे आने वाले समय में देश की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती लोगों की भी सुरक्षा बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें: भारत-नेपाल बॉर्डर पर 10 किलो चांदी जब्त, 2 नेपाली नागरिक अरेस्ट

