ETV Bharat / state

विदेशी नंबरों से रंगदारी कॉल, दहशत में चंडीगढ़ के कारोबारी, जानकी दास हत्याकांड के बाद बढ़ा खौफ, गवर्नर से लगाएंगे सुरक्षा की गुहार

विदेशी नंबरों से रंगदारी की धमकियों से चंडीगढ़ व्यापारी वर्ग में खौफ का माहौल है. व्यापारी सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर गवर्नर से मिलेंगे.

CHANDIGARH EXTORTION THREATS
जानकी दास हत्याकांड के बाद बढ़ा खौफ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 23, 2026 at 12:08 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास की हत्या के बाद कारोबारी वर्ग अभी सामान्य स्थिति में लौट भी नहीं पाया था कि अब रंगदारी की धमकियों ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है. शहर के कई बड़े व्यापारियों को विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज भेजकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगे जाने के दावे सामने आए हैं. इससे शहर के प्रमुख बाजारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है.

कई बाजारों के कारोबारी निशाने पर: व्यापारियों के अनुसार सेक्टर-11, सेक्टर-16 और सेक्टर-19 समेत कई बाजारों में पिछले कुछ दिनों से लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं. कॉल करने वाले खुद को गैंगस्टर बताते हैं और पैसे नहीं देने पर जान से मारने या गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं. कुछ कारोबारियों का दावा है कि उनसे पांच-पांच करोड़ रुपये तक की रंगदारी मांगी गई है.

CHANDIGARH EXTORTION THREATS
दहशत में चंडीगढ़ के कारोबारी (ETV Bharat)

शिकायत करने से भी डर रहे व्यापारी: धमकियों के बाद कई कारोबारी खुलकर सामने आने से बच रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद वे औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से डर रहे हैं. व्यापारियों को आशंका है कि उनकी पहचान सार्वजनिक होने पर वे अपराधियों के सीधे निशाने पर आ सकते हैं. यही वजह है कि कई लोग चुप्पी साधे हुए हैं.

जानें क्या बोले व्यापारी: चंडीगढ़ व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने कहा कि, "व्यापारियों में भय का माहौल है. हम जल्द ही राज्यपाल एवं प्रशासक से मुलाकात कर सुरक्षा बढ़ाने, नियमित पुलिस गश्त और पूरे रंगदारी नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे."वहीं, चंडीगढ़ के व्यापारी चिरंजीव सिंह ने कहा कि, "विदेशी नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं. व्यापारी वर्ग बेहद डरा हुआ है. प्रशासन को जल्द प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि व्यापारियों का भरोसा कायम रह सके."

चंडीगढ़ के कारोबारी गवर्नर से लगाएंगे सुरक्षा की गुहार (ETV Bharat)

फोन बंद करने को मजबूर हुए कारोबारी: वहीं, कुछ व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने अपने निजी मोबाइल फोन तक बंद कर दिए हैं. उनका दावा है कि फोन चालू करते ही विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और धमकी भरे संदेश आने लगते हैं. इसका असर केवल कारोबार पर ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों की मानसिक शांति पर भी पड़ रहा है.

गवर्नर से मिलेंगे व्यापारी: चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है. व्यापारी नेताओं का कहना है कि वे जल्द ही पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने और रंगदारी मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे.

पुलिस कार्रवाई के बावजूद कायम है खौफ: व्यापारियों का कहना है कि जानकी दास हत्याकांड में पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन धमकी देने वाले पूरे नेटवर्क तक पहुंचना अभी बाकी है. उनका मानना है कि जब तक पूरे गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक विदेशी नंबरों से धमकी देने का सिलसिला रुकना मुश्किल है.

व्यापारियों की मांग: व्यापारी नेताओं का कहना है कि केवल बाजारों में पुलिस बल तैनात कर देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. जरूरत इस बात की है कि रंगदारी मांगने वाले पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसे पूरी तरह ध्वस्त किया जाए, ताकि कारोबारी बिना भय के अपना व्यवसाय कर सकें और बाजारों में सामान्य माहौल बहाल हो सके.

ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ में गोल्डी ढिल्लों गैंग के तीन गुर्गे गिरफ्तार, बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी प्लानिंग