संदिग्ध सामान तोड़ने के दौरान धमाका, एक युवक गंभीर रुप से घायल, जीपीएम पुलिस कर रही जांच
धमाके में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. युवक के हाथ और चेहरे पर गंभीर चोट आए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 22, 2026 at 8:47 AM IST
जीपीएम: मरवाही थाना इलाके के ग्राम टिकठी में संदिग्ध सामान को तोड़ने के दौरान उसमें धमाका हो गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक 19 साल का युवक कृष्ण कुमार चंद्र गांव की गली से होकर जा रहा था. तभी गली में उसे एक संदिग्ध सामान पड़ा हुआ नजर आया. युवक कृष्ण कुमार चंद्र उस सामान को लेकर अपनी बाड़ी में पहुंचा. युवक के परिजनों ने बताया कि जो संदिग्ध सामान था उसकी लंबाई तीन इंच और 1 इंच की गोलाई वाला था. युवक ने सामान को कुदाल की मदद से खोलकर देखने की कोशिश की, इसी दौरान उसमें धमाका हो गया.
संदिग्ध सामान में विस्फोट, युवक घायल
धमाके की आवाज सुनते ही घर और गांव के लोग मौके पर पहुंचे, वहां देखा तो पाया कि युवक गंभीर रुप से जख्मी होकर जमीन पर गिरा पड़ा है. आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में लेकर लोग अस्पताल पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. युवक का फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज जारी है.
कुछ सामान उसे गली में गिरा पड़ा मिला था जिसे खोलकर वो देखना चाहता था. खोलने के दौरान ही वो सामान फट गया और मेरा बेटा चोटिल हो गया. बेटे को लेकर हम लोग अस्पताल आए हैं, इलाज जारी है: निशा चंद्रा, पीड़ित की मां
मरवाही अस्पताल से उसको हमारे यहां रेफर किया गया है. कोई चीज में ब्लास्ट होने से उसके हाथ और चेहरे पर चोटें आई हैं. उसका इलाज जारी है: डॉ प्रशांत रात्रे, जिला चिकित्सालय
जीपीएम पुलिस कर रही धमाके की जांच
घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर वह क्या चीज थी, जिसपर चोट करते ही विस्फोट हो गया. पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. प्रारंभिक तौर पर मामले की जांच की जा रही है. प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात, संदिग्ध या विस्फोटक जैसी दिखने वाली वस्तु को हाथ न लगाएं और इसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

