लखनऊ में शादी का झांसा देकर दो साल तक किया शोषण, दबाव बनाने पर दूसरी महिला से की कोर्ट मैरिज, FIR दर्ज
निगोहां थाने में पीड़िता ने आपबीती सुनाई. पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 9:41 PM IST
लखनऊ : निगोहां थाना क्षेत्र में एक युवक ने नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और दो साल तक शारीरिक शोषण करता रहा. युवती बालिग हुई और शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे धमकाकर भगा दिया. इसके बाद गुपचुप तरीके से दूसरी महिला से शादी कर ली. पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.
पीड़िता ने निगोहां थाने में अपनी आपबीती सुनाई. पीड़िता ने बताया, 16 साल की उम्र में ही गांव के अनूप ने अपनी बातों में फंसा लिया था. अनूप ने शादी का वादा किया और इसी बहाने उसका यौन शोषण करता रहा. शादी की बात करती तो अनूप यह कहकर बहला देता कि तुम अभी नाबालिग हो, बालिग होने पर हम शादी कर लेंगे.
युवती ने बताया, अनूप उसे शादी का झांसा देकर अलग-अलग जगहों पर ले गया और उसका शोषण करता रहा. हाल ही में जब युवती ने बालिग होने के बाद शादी के लिए जोर दिया, तो आरोपी ने अपना असली चेहरा दिखा दिया. अनूप ने शादी से साफ इनकार कर दिया और युवती को जान से मारने की धमकी दी.
पीड़िता ने बताया, बाद में पता चला की अनूप ने उसे धोखे में रखकर किसी दूसरी महिला से कोर्ट मैरिज कर ली है. इसके बाद पीड़ित युवती ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया.
थाना प्रभारी निगोहां अनुज तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर यौन शोषण, धोखाधड़ी और पॉक्सो एक्ट के संभावित प्रावधानों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें आरोपी अनूप की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं. जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर में 42 करोड़ की टैक्स चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार, 34 फर्जी कंपनी बनाई थी, आरोपियों में एक पांचवीं पास, दो CA कर रहे

