एक्सपायरी दवाओं का खेल, हमर अस्पताल से CGMSC वेयरहाउस तक संदिग्ध दवाइयों का जखीरा, साय सरकार पर कांग्रेस का हमला
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय का दावा, वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं मिलीं, जिम्मेदारों पर FIR की चेतावनी

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 11, 2026 at 9:00 PM IST
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित हमर अस्पताल में एक्सपायरी और निकट एक्सपायरी डेट वाली दवाइयों के मिलने के बाद सियासत गरमा गई है. पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने अस्पताल और CGMSC वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाइयों का जखीरा मिलने का दावा किया. साथ ही बीजेपी की साय सरकार पर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. उपाध्याय ने दोषी अधिकारियों, एजेंसियों और कंपनियों पर FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है.
हमर अस्पताल में छापेमारी, संदिग्ध दवाइयों का खुलासा
रायपुर के गुढ़ियारी स्थित हमर अस्पताल में कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने निरीक्षण और जांच की, इस दौरान अस्पताल में एक्सपायरी और कम एक्सपायरी अवधि वाली दवाइयों का बड़ा स्टॉक मिलने का दावा किया गया, उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मरीजों को ऐसी दवाइयां सप्लाई की जा रही हैं, जिनकी एक्सपायरी डेट नजदीक है या समाप्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि यह मामला केवल राजधानी के एक अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में ऐसे कई मामले सामने आ सकते हैं, यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए.

CGMSC वेयरहाउस में भी मिली एक्सपायरी दवाइयां
विकास उपाध्याय ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन यानी सीजीएमएससी के वेयरहाउस में भी एक्सपायरी दवाइयों का जखीरा मिला है, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और एजेंसियों से सांठगांठ के कारण जनता की जान जोखिम में डाली जा रही है.

नवजात बच्चों की दवाइयों पर भी सवाल
कांग्रेस नेता ने कहा कि नवजात शिशुओं को पोषण के लिए दी जाने वाली दवाइयों में भी एक्सपायरी और कम अवधि वाली दवाइयां शामिल हैं, उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसी दवाइयां बच्चों को दी जाएंगी तो उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.
'बीजेपी नेताओं की कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा'
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि दवा कंपनियों में बीजेपी नेताओं और उनके परिवार के लोगों की हिस्सेदारी है. उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी अस्पतालों में सप्लाई की गई कैल्शियम दवाइयां खराब मिली थीं और मेडिकल किट में दस्ताने, सिरिंज और सर्जिकल ब्लेड जैसी सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठे थे.
सरकार जानबूझकर बड़ी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए सीजीएमएससी के माध्यम से टेंडर दे रही है, और कम समय में एक्सपायर होने वाली दवा ऑर्डर कर रही है- विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक

दोषियों पर FIR की चेतावनी
विकास उपाध्याय ने कहा कि वे सीजीएमएससी अधिकारियों, संबंधित एजेंसियों और कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे. साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की व्यापक जांच कराने की मांग की.
साय सरकार जनता के स्वास्थ्य से कर रही खिलवाड़
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी की विष्णु देव साय सरकार मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की जिंदगी को खतरे में डाल रही है. कांग्रेस ने कहा कि सरकार को जनता की सेहत की चिंता नहीं है और एक्सपायरी दवाओं का यह मामला बेहद गंभीर हैं.

