फरीदाबाद में एक्सपायरी सामानों की धड़ल्ले से हो रही थी बिक्री, फूड सेफ्टी विभाग ने की छापेमारी
फरीदाबाद में फूड सेफ्टी विभाग ने छापेमारी कर एक्सपायरी दूध-दही बरामद किए हैं.

Published : February 28, 2026 at 3:48 PM IST
फरीदाबाद: त्योहारों के सीजन में ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है. फरीदाबाद के डबुआ क्षेत्र में स्थित राजेश किरयाना स्टोर पर एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दुकान से भारी मात्रा में एक्सपायरी दूध, दही और पैकेट बंद खाद्य पदार्थ बरामद किए गए. टीम ने मौके पर ही संदिग्ध सामान को जब्त कर लिया.
सस्ते दाम में सामान बेचकर लोगों की सेहत से खेल: जांच में सामने आया कि दुकान मालिक एक्सपायरी डेट पार कर चुके उत्पादों को कम कीमत का लालच देकर ग्राहकों को बेच रहा था. अधिकारियों को बड़ी मात्रा में दूध, दही और अन्य रोजमर्रा के खाद्य पदार्थ मिले, जिनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी. त्योहारों के चलते बिक्री बढ़ने का फायदा उठाकर नियमों की अनदेखी की जा रही थी. प्रशासन का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई न होती तो कई लोग बीमार पड़ सकते थे.
जांच के लिए लैब में भेजी गई सैंपल: फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी डॉक्टर पुनीत ने बताया कि, "एक्सपायरी खाद्य सामग्री का सेवन करने से फूड प्वाइजनिंग, उल्टी-दस्त और अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. टीम ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं. रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटी और एक्सपायरी सामान बेचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे."
त्योहार सीजन में फूड सेफ्टी विभाग अलर्ट: त्योहारों को देखते हुए फूड सप्लाई विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है. इसी कड़ी में आज बल्लभगढ़ में भी एक्सपायरी सामान पकड़ा गया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि ऐसी सख्त जांच से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित होगी.
ये भी पढ़ें:करनाल में घर के बाहर बैठे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस

