हरियाणवी सिंगर्स को गजेंद्र फोगाट की नसीहत, बोले -"बदमाशी वाले गाने नहीं गाने चाहिए, संगीत को इज्जत दें"
फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में अपनी परफॉर्मेंस देने पहुंचे हरियाणवी लोक कलाकार और सिंगर गजेंद्र फोगाट से ईटीवी भारत ने एक्सक्लूसिव बातचीत की.

Published : February 15, 2026 at 7:47 PM IST
|Updated : February 15, 2026 at 8:05 PM IST
फरीदाबाद : हरियाणवी लोक कलाकार और सिंगर गजेंद्र फोगाट ने सूरजकुंड मेले में अपनी जबरदस्त परफॉर्मेंस से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया. ईटीवी भारत ने गजेंद्र फोगाट से एक्सक्लूसिव बातचीत की है.
"बदमाशी वाले गाने नहीं गाने चाहिए" : इस दौरान सिंगर गजेंद्र फोगाट ने ईटीवी भारत से बातचीत करते हुए कहा कि "मैं कई सालों से सूरजकुंड मेले में अपने परफॉर्मेंस देने के लिए आता हूं और इसी कड़ी में इस साल भी आया हूं. हालांकि मेरे कई एल्बम आने वाले हैं जिसकी शूटिंग विदेश में भी की गई है और मैं चाहता हूं कि जो भी कलाकार गाना गाए, वो साफ-सुथरा गाना गाए. संगीत हमारी कला है, संस्कृति है जिसकी हम पूजा करते हैं और जिस तरह से हम अपनी मां बहनों को इज्जत देते हैं, वैसे ही हमें संगीत को भी इज्जत देनी चाहिए, कोई भी बदमाशी वाले गाने हमें नहीं गाने चाहिए क्योंकि ये हमारी संस्कृति नहीं है. हमारे हरियाणा में कई ऐसे कलाकार रहे हैं जो संस्कृति को आगे लेकर गए है. अभी तक मैंने कोई ऐसा गाना नहीं गाया है, हालांकि मेरा नाम जबरदस्ती ऐसे मामलों में घसीटा भी गया."
सरकार के फैसले की तारीफ : आगे उन्होंने कहा कि "जब सरकार ने कुछ सिंगर के गानों को बैन कर दिया तो कुछ लोगों ने मेरे ऊपर आरोप लगाया कि वो गाने मैंने कटवाए, जबकि ऐसा नहीं था और सच्चाई सबके सामने आ भी गई. मैं हर कलाकार से कहना चाहूंगा की साफ गाने गए, ताकि हमारी कला और निखरकर सामने आए. सरकार द्वारा लिया गया फैसला जिसमें बदमाशी और गन कल्चर गानों को बैन किया गया, वो फैसला काफी सराहनीय था और हरियाणा की जनता ने उस फैसले की तारीफ भी की और नतीजा ये रहा कि अब ऐसे गाने बनने बंद हो गए हैं और अब साफ सुथरे गाने फिर से बनने शुरू हो गए हैं. अपने गुरु को याद करते हुए गजेंद्र फोगाट ने बताया कि मेरे गुरु गुरदास मान है और उनसे ही मैंने कला सीखी है और वो हमेशा मेरे गुरु रहेंगे. उन्होंने भी इस मेले में परफॉर्मेंस दी है."
हरियाणा से बॉलीवुड तक का सफर : आपको बता दें कि गजेंद्र फोगाट एक लोकगीत कलाकार हैं, जिन्होंने हरियाणा में अपनी अलग पहचान बनाई और बॉलीवुड तक का सफर तय किया. बॉलीवुड के कई फिल्मों में उन्होंने गाना भी गाया है. वहीं उनके कई गाने ऐसे हैं जिन्हें कई मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं. इनमें मुख्य रूप से भाइयों पहले जैसा म्हारा हरियाणा ना रहा, बहु काले आदि शामिल है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : रुद्राक्ष से करोड़ों रुपए कमा रहे नेपाल के करण निरुला, सूरजकुंड मेले में लगाया स्टॉल, असली रुद्राक्ष की पहचान की बताई ट्रिक
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में फैशन शो, खूबसूरत मॉडल्स ने साड़ी पहनकर रैंप पर किया कैटवॉक
ये भी पढ़ें : महाशिवरात्रि 2026 पर अपनों को दीजिए बधाई, ये ख़ास संदेश भेजकर जीत लीजिए दिल

